उरई (जालौन)। ठगी का एक मामला फिर सामने आया है, जहां एक शातिर बदमाश ने महिला को अपनी बातों में फंसाकर नकली गहने बेच दिए और मौके से चंपत हो गया। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बे के गांधीनगर निवासी रजिया खातून ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी जिसमें बताया कि सुबह करीब 6 बजे वह कानपुर जाने के लिए कोंच बस स्टैंड पहुंची थी। इसी दौरान वहां एक व्यक्ति मिला, जिसने अपना नाम अजमेरी बताया। आरोपी ने महिला को बताया कि उसकी पत्नी गंभीर रूप से बीमार है और इलाज के लिए उसे तत्काल पैसों की जरूरत है। उसने अपनी पत्नी की चांदी की पायल और सोने की अंगूठी बेचने की बात कही।
उसकी मजबूरी देखकर महिला उसके झांसे में आ गई और 10 हजार रुपये देकर गहने खरीद लिए। बाद में जब महिला ने गहनों को एक सुनार को दिखाया, तो पता चला कि पायल और अंगूठी दोनों ही नकली हैं। इसके बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ। पीड़िता कोतवाली पहुंची और मामले की शिकायत दर्ज कराकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले कि जांच पड़ताल शुरू कर दी है।





