Friday, March 20, 2026
spot_img
HomeSliderपुराने धुरंधरों के भरोसे IPL 2026 में उतरेगी मुंबई इंडियंस, क्या छठी...

पुराने धुरंधरों के भरोसे IPL 2026 में उतरेगी मुंबई इंडियंस, क्या छठी बार ट्रॉफी उठा पाएगी हार्दिक की सेना?

मुंबई इंडियंस IPL 2026 में अपनी कोर टीम और अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा कर रही है। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम संतुलित दिखती है। नीलामी में उन्होंने प्रमुख खिलाड़ियों को बरकरार रखा और अनकैप्ड प्रतिभाओं को जोड़ा।

पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस अपनी टीम संरचना में बड़े बदलाव करने के लिए नहीं जानी जाती और इस बार भी फ्रेंचाइजी ने अपनी उसी रणनीति पर भरोसा दिखाया। हालिया नीलामी में टीम ने एक बार फिर अपने अनुभवी और धुरंधर खिलाड़ियों पर दांव लगाया। रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या, सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह और क्विंटन डिकॉक जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को बरकरार रखते हुए मुंबई ने अपनी कोर टीम को मजबूत बनाए रखा है।

कागजों पर हार्दिक पांड्या की कप्तानी में यह टीम बेहद संतुलित और ताकतवर नजर आती है। मुंबई इंडियंस अपने अभियान की शुरूआत 29 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स के विरुद्ध अपने घर मुंबई में करेगी। मुंबई इंडियंस ने सीमित बजट के बावजूद समझदारी से नीलामी रणनीति तैयार की थी। टीम ने अपने प्रमुख खिलाड़ियों को बनाए रखते हुए ज्यादा नए खिलाड़ियों पर खर्च नहीं किया, बल्कि अनकैप्ड भारतीय प्रतिभाओं पर ध्यान केंद्रित किया।

मुंबई इंडियंस ने जोड़े कई खिलाड़ी

विदर्भ के बल्लेबाज दानिश मालेवार, तेज गेंदबाज मोहम्मद इजहार, स्पिन ऑलराउंडर अथर्व अंकोलेकर और मयंक रावत को उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में टीम में शामिल किया गया। इसके अलावा फ्रेंचाइजी ने मयंक मार्कंडे को भी वापस ट्रेड के जरिए अपने साथ जोड़ा। यह साफ दर्शाता है कि मुंबई ने अपनी 2025 की सफल टीम को लगभग बरकरार रखते हुए भविष्य को ध्यान में रखकर निवेश किया है। गौरतलब है कि पिछले सीजन में टीम क्वॉलीफायर-2 तक पहुंची थी, लेकिन इस बार उनका लक्ष्य खिताब जीतकर 2020 के बाद ट्राफी के सूखे को खत्म करना होगा।

मजबूत ओपनिंग विकल्प

ओपनिंग संयोजन की बात करें तो मुंबई इंडियंस के पास मजबूत विकल्प मौजूद हैं। क्विंटन डिकॉक की वापसी टीम के लिए बड़ा फायदा साबित हो सकती है। फ्रेंचाइजी ने उन्हें मात्र एक करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा, जो एक शानदार सौदा माना जा सकता है। डिकॉक ने 2019 और 2020 के खिताबी अभियानों में अहम भूमिका निभाई थी। उन्हें रियान रिकेल्टन के बैकअप के साथ-साथ शीर्ष क्रम में एक भरोसेमंद बल्लेबाज के रूप में देखा जा रहा है। रोहित शर्मा की मौजूदगी के चलते टीम का ओपनिंग कॉम्बिनेशन और भी मजबूत हो जाता है।

इसके अलावा, बल्लेबाजी क्रम में गहराई मुंबई की सबसे बड़ी ताकत है। रोहित शर्मा के साथ रियान रिकेल्टन या क्विंटन डिकॉक पारी की शुरुआत कर सकते हैं, जबकि मध्यक्रम में सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और कप्तान हार्दिक पांड्या जैसे विस्फोटक बल्लेबाज मौजूद हैं। यह लाइनअप तेज और स्पिन दोनों तरह की गेंदबाजी के विरुद्ध आक्रामक खेल दिखाने में सक्षम है।

प्रभावशाली दिखती है गेंदबाजी

बल्लेबाजी की तरह गेंदबाजी विभाग भी उतना ही मजबूत नजर आता है। जसप्रीत बुमराह अभी भी लीग के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में शुमार हैं, जबकि ट्रेंट बोल्ट और दीपक चाहर नई गेंद से विकेट निकालने में माहिर हैं। शार्दुल ठाकुर और हार्दिक पांड्या अतिरिक्त सीम विकल्प प्रदान करते हैं। इसके अलावा मिचेल सैंटनर, जैक्स, नमन धीर और हार्दिक जैसे ऑलराउंडरों की मौजूदगी टीम को संतुलन और लचीलापन देती है।

मुंबई इंडियंस की टीम

हार्दिक पांड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, रियान रिकेल्टन, रॉबिन मिंज, तिलक वर्मा, क्विंटन डिकॉक, दानिश मालेवार, शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, मिचेल सैंटनर, राज अंगद बावा, अथर्व अंकोलेकर, मयंक रावत, कॉर्बिन बॉश, विल जैक्स, शार्दुल ठाकुर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, अश्विनी कुमार, रघु शर्मा, एएम गफनजर, मयंक मार्कंडे, मोहम्मद इजहार।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular