Wednesday, March 18, 2026
spot_img
HomeMarqueeएमएलएम पब्लिक स्कूल का भव्य शुभारंभ, शिक्षा व संस्कारों के संग आधुनिक...

एमएलएम पब्लिक स्कूल का भव्य शुभारंभ, शिक्षा व संस्कारों के संग आधुनिक सुविधाओं का मिलेगा लाभ

विधायक ऊषा मौर्य, विकल्प मौर्य, पूजा मुन्ना मौर्य, आदित्य मौर्य एवं ज्योति मौर्य ने जताया आभार

फतेहपुर। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एमएलएम पब्लिक स्कूल का भव्य शुभारंभ किया गया। पूर्व मंत्री स्व. मुन्‍ना लाल मौर्य की स्मृति में स्थापित इस विद्यालय का उद्घाटन बौद्ध भिक्षु डॉ. उपानंद थेरो द्वारा विधायक ऊषा मौर्य के साथ फीता काटकर किया गया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, अभिभावक, छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत बौद्ध परंपरा के अनुसार भगवान बुद्ध के उपदेशों के वाचन से हुई, जिसमें शांति, करुणा और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया। इसके बाद आयोजित समारोह में विद्यालय की स्थापना के उद्देश्य, भविष्य की योजनाओं तथा शिक्षा के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य अतिथि डॉ. उपानंद थेरो ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति और समाज के उत्थान का सबसे मजबूत माध्यम है। उन्होंने कहा कि धन और शक्ति समय के साथ समाप्त हो जाते हैं, लेकिन ज्ञान और अच्छे संस्कार व्यक्ति के जीवन को दिशा देते हैं और उसे समाज में सम्मान दिलाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों के साथ शिक्षा ग्रहण करने की प्रेरणा दी।

वहीं हुसैनगंज विधायक एवं सपा नेत्री ऊषा मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र में छोटे बच्चों के लिए एक अच्छे विद्यालय की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया गया है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान बच्चों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन विकल्प मौर्य एवं ज्योति मौर्य की ओर से बताया गया कि एमएलएम पब्लिक स्कूल में आधुनिक शिक्षा प्रणाली के साथ-साथ नैतिक शिक्षा, खेलकूद, कंप्यूटर शिक्षा और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

समारोह के दौरान पूर्व मंत्री स्व. मुन्‍ना लाल मौर्य के योगदान को भी याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उनके द्वारा किए गए जनसेवा कार्यों को आगे बढ़ाते हुए यह विद्यालय समाज के लिए समर्पित किया गया है। उनके परिवारजनों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई और विद्यालय के विकास के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में कई सामाजिक, राजनीतिक व शैक्षणिक हस्तियों ने अपने विचार रखते हुए विद्यालय की सफलता की कामना की। अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर एडवोकेट राजकुमार मौर्य (नगर पालिका परिषद फतेहपुर अध्यक्ष), वली उल्लाह, शिवाकांत तिवारी, अब्दुल काफी, गार्गीदीन बाजपेई, चंद्रशेखर पासवान, अखिलेश मौर्य, विवेक यादव, प्रधान तेज सिंह यादव, मान सिंह, राम पाल, पूर्व प्रधान गंगापाल, पूर्व कानूनगो जमील सिद्दीकी, शायर एवं कवि शिव शरण बंधु, साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश इकाई के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार शहंशाह आब्दी, राजेश यादव, गुरु प्रसाद चौरसिया, विकल्प मौर्य, एडवोकेट पूजा मौर्य, आदित्य मुन्ना मौर्य, ज्योति मौर्य, निशा मौर्य सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular