सिद्धार्थनगर। जिले के सीएचसी खेसरहा पर कई महीनो से एक्स रे प्लेट नही है। एक्स रे प्लेट के अभाव में आम जनता काफी परेशान है। इस बात की पोल तब खुली जब सोमवार को शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी अपने घुटने का एक्स रे करवाने खुद अस्पताल पहुंचे। एमएलसी ने बताया की उनके घुटने में दर्द था। उन्होंने इस बीमारी की जांच कराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेसरहा गए। वहा एक्स रे टेक्नीशियन द्वारा उनके घुटने का एक्स रे किया गया और बताया गया की अस्पताल पर एक्स रे प्लेट नही है। मोबाइल में फोटो खींच लीजिए और इसे डाक्टर को दिखाइए जिससे इलाज हो सके। अस्पताल पर घोर अव्यवस्था को देखकर शिक्षक विधायक काफी रोष प्रकट किया और इस समस्या की शिकायत उच्चाधिकारियों से करने के साथ सदन में भी उठाने की बात कही है।
उन्होंने कहा की उनके द्वारा जनपद में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सदन में प्रश्न उठाया गया था जिसके क्रम में 14 मार्च को स्वास्थ्य मंत्री का जिला मुख्यालय पर आगमन हुआ था। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों की बैठक की थी जिसमे स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा की गई थी। शिक्षक विधायक ने बताया की इस बैठक में सीएचसी खेसरहा के अधीक्षक द्वारा अस्पताल पर सभी सुविधाओं के चुस्त दुरुस्त होने की बात कही गई थी। बावजूद इसके एक दिन बाद ही अस्पताल पर एक्स रे प्लेट उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा की जिम्मेदारों की उदासीनता के कारण सरकार द्वारा आम जन के लिए प्रदत्त स्वास्थ्य सुविधा का भरपूर लाभ लोगो को नही मिल पा रहा है जो की चिंता के साथ जांच का विषय है। उन्होंने खेसरहा अस्पताल पर बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं की समस्या सदन में उठाने की बात कही है।





