Tuesday, March 17, 2026
spot_img
HomeMarqueeदो महीने से लापता छात्रा पर फूटा गुलाबी गैंग का गुस्सा, पुलिस...

दो महीने से लापता छात्रा पर फूटा गुलाबी गैंग का गुस्सा, पुलिस को दिया 4 दिन का अल्टीमेटम

नामजद आरोपियों पर कार्रवाई न होने से नाराज संगठन ने दी कोतवाली घेराव की चेतावनी

परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका

बिंदकी/फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मड़राँव से पिछले दो महीनों से लापता नाबालिग छात्रा की बरामदगी न होने पर ‘गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक’ ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को संगठन की अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार के साथ बिंदकी क्षेत्राधिकारी (सीओ) और कोतवाल से मिला और पुलिस की सुस्त कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई।

बताया जाता है कि मड़राँव गांव की 17 वर्षीय छात्रा 15 जनवरी 2026 को कोचिंग पढ़ने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि रास्ते में मोटरसाइकिल सवार नामजद आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया। घटना के संबंध में 21 जनवरी को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन दो महीने बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक छात्रा को बरामद नहीं कर सकी है।

पीड़ित परिजनों का कहना है कि पुलिस की ढिलाई के कारण आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं आरोपियों ने उनकी बेटी को बेच न दिया हो या उसके साथ कोई अनहोनी न कर दी हो। इस मामले को लेकर ‘गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक’ की अध्यक्ष हेमलता पटेल ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक मां दो महीने से अपनी बेटी की तलाश में दर-दर भटक रही है, लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है।

उन्होंने कहा कि यदि चार दिनों के भीतर नाबालिग छात्रा को सुरक्षित बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो संगठन बिंदकी कोतवाली का घेराव कर व्यापक आंदोलन करेगा। वहीं संगठन ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि अपहृत छात्रा की तत्काल और सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित की जाए, नामजद आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय की जाए। गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी दोहराया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular