महराजगंज। परसामलिक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत झिंगटी टोला मुजहना में गुरुवार शाम एक युवक का शव घर की छत की कुंडी से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका मिला। मृतक की पहचान अरबाज अली पुत्र इद्रीस के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और वह अक्सर इधर-उधर भटकता रहता था।
घटना के समय परिजन घर से बाहर थे और उसकी मां मीना खेत में काम करने गई थीं। जब वह घर लौटीं तो बेटे को फंदे से लटका देखकर चीख-पुकार मचाने लगीं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और युवक को नीचे उतारकर चिकित्सक के पास ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
सूचना पर पहुंची सेवतरी चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चौकी प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।





