विजेता विद्यार्थियों को मनी प्राइज एवं प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित
महोबा। जनपद के सलारपुर गांव स्थित कम्पोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय सलारपुर में राज्य स्वच्छ गंगा मिशन, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार गंगा स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नमामि गंगे, वन विभाग एवं कोर अर्थ फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण एवं गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता, गंगा स्वच्छता शपथ तथा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया और गंगा की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। निबंध प्रतियोगिता में कक्षा 8 के मनोज ने प्रथम, कक्षा 7 की प्रियांशी ने द्वितीय तथा कक्षा 6 की पूजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा 8 के यश ने प्रथम, कक्षा 8 के अभिषेक ने द्वितीय तथा कक्षा 7 की कोमल ने तृतीय स्थान हासिल किया। सभी विजेता विद्यार्थियों को मनी प्राइज एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला गंगा समिति से जिला परियोजना विभाग के अधिकारी यशराज आनन्द उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कोर अर्थ फाउंडेशन के संस्थापक आर्यन, जिला अध्यक्ष अविनाश, प्रियांशु एवं प्रखर ने भी भाग लिया और विद्यार्थियों को गंगा स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक सलीम, सहायक अध्यापक गोमती नामदेव, प्रवीण सिंह सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को स्वच्छता बनाए रखने और प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित किया। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों ने गंगा को स्वच्छ रखने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा समाज को भी स्वच्छता का संदेश दिया।





