जिले में ओवरलोड ट्रकों की चेकिंग के दौरान एआरटीओ महेंद्र बाबू गुप्ता से कुछ कार सवार लोगों ने अभद्रता की। इन लोगों ने एआरटीओ के कब्जे से एक ओवरलोड ट्रक को जबरन छुड़ा लिया। बाद में पुलिस की सक्रियता से ट्रक को जब्त किया गया और 85,500 रुपये का चालान किया गया।
यह घटना अमेठी कोतवाली क्षेत्र में हुई। एआरटीओ महेंद्र बाबू गुप्ता ओवरलोड वाहनों की जांच कर रहे थे। उन्होंने एक ओवरलोड ट्रक को रोका और अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ उसे वजन कराने के लिए गौरीगंज की ओर ले जा रहे थे।
इसी दौरान पीछे से कार में सवार कुछ लोग पहुंचे। उन्होंने जबरन ट्रक को एआरटीओ के कब्जे से छुड़ाया और अमेठी की दिशा में भागने लगे। एआरटीओ ने तत्काल अमेठी कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस की सक्रियता देख ट्रक छुड़ाने वाले लोग ट्रक को एक पेट्रोल पंप पर छोड़कर फरार हो गए।
मौके पर पहुंचे एआरटीओ ने जांच की तो पाया कि ट्रक में 25 टन अतिरिक्त माल लदा था। इसके बाद ट्रक का 85,500 रुपये का चालान किया गया। पुलिस की सख्ती के बाद ट्रक को पेट्रोल पंप पर खड़ा कर दिया गया है।





