किसान संगठन ने समाधान न होने पर घेराव की दी चेतावनी
फतेहपुर। हसवा विकास खंड परिसर में भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की मासिक बैठक संगठन के पदाधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक में विकास खंड क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और उनके शीघ्र समाधान की मांग उठाई गई। बैठक के दौरान किसान नेताओं ने बताया कि कई ग्राम सभाओं में मच्छरों की समस्या बढ़ रही है, इसलिए नियमित रूप से मच्छरनाशी दवा का छिड़काव कराया जाना आवश्यक है। इसके साथ ही विभिन्न ग्राम पंचायतों में नालियों और रास्तों की सफाई कराने की भी मांग की गई। किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने यह भी मांग रखी कि विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत सचिवों के उपस्थित रहने का दिन और समय निर्धारित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। साथ ही ग्राम सभाओं में सफाई कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने की भी मांग की गई।
बैठक में ग्राम सभा सीतापुर मजरा रामपुर की स्नेहा पुत्री राजेश मौर्य के मामले को भी उठाया गया। बताया गया कि उनके नाम स्वीकृत बैटरी चालित दिव्यांग साइकिल किसी अन्य व्यक्ति को दे दी गई है। इस प्रकरण की जांच कर वास्तविक लाभार्थी को साइकिल दिलाने की मांग की गई। बैठक के उपरांत भारतीय किसान यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष उमेश सिंह परमार के नेतृत्व में खंड विकास अधिकारी अशोक कुमार सिंह के अनुपस्थित रहने पर ब्लॉक के अन्य अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से सभी समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की गई। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन द्वारा ब्लॉक मुख्यालय का घेराव किया जाएगा। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष उमेश सिंह परिहार सहित संगठन के अन्य किसान नेता मौजूद रहे।





