अरूणा के प्रदेश अध्यक्ष बनने से जनपद के समर्थकों, कार्यकर्ताओं में खुशी
महिला सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और मिशन नव भारत पर रहेगा जोर
सिद्धार्थनगर। जल्द ही प्रदेश कार्यकारिणी का गठन कर मंडल, जिला और ब्लॉक स्तर तक संगठन का विस्तार किया जाएगा। प्रत्येक जिले में महिला पदाधिकारियों की नियुक्ति कर नियमित बैठकें, प्रशिक्षण शिविर और जनसंपर्क अभियान चलाए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वरोजगार प्रशिक्षण, सिलाई-कढ़ाई, लघु उद्योग, डिजिटल साक्षरता और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के कार्यक्रम चलाए जाएंगे। शहरी क्षेत्रों में युवा महिलाओं के लिए नेतृत्व विकास कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। ये बातें नरेंद्र मोदी विचार मंच (महिला शाखा) उत्तर प्रदेश की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अरुणा मिश्रा ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कही।
नरेंद्र मोदी विचार मंच (महिला शाखा) उत्तर प्रदेश की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अरुणा मिश्रा ने कहा कि यह दायित्व उनके लिए केवल पद नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति सेवा का अवसर है। उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उस पर वह पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे विशाल राज्य में महिला शाखा को सशक्त, सक्रिय और संगठित करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
बताया कि आगामी महीनों में महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता पर जोर देते हुए स्पष्ट किया कि संगठन महिला शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान के मुद्दों पर विशेष ध्यान देगा। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, नशा मुक्ति अभियान, दहेज प्रथा व सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मिशन नव भारत के लक्ष्य को साकार करने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जब महिलाएं संगठित और सशक्त होंगी, तभी समाज और राष्ट्र मजबूत होगा।





