आगामी त्योहारों के दृष्टिगत शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक हमीरपुर एवं अपर जिलाधिकारी हमीरपुर के नेतृत्व में कस्बा सुमेरपुर क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च किया गया।
फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का भाव जागृत करना तथा असामाजिक तत्वों को यह संदेश देना रहा कि जनपद पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। फ्लैग मार्च मुख्य बाजार, बस स्टैंड, प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से होकर गुजरा।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक हमीरपुर ने आमजन, व्यापारियों एवं संभ्रांत नागरिकों से संवाद स्थापित कर त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
फ्लैग मार्च में क्षेत्राधिकारी सदर, उप जिलाधिकारी सदर, प्रभारी निरीक्षक सुमेरपुर सहित पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं महिला पुलिस कर्मी शामिल रहे। मार्च के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग की गई तथा सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक हमीरपुर ने निर्देश दिए कि आगामी त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही थाना प्रभारी को अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर गश्त, रात्रि भ्रमण एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
जनपद पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल हमीरपुर पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर, उप जिलाधिकारी सदर, प्रभारी निरीक्षक सुमेरपुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।





