Monday, March 2, 2026
spot_img
HomeMarqueeप्राथमिक विद्यालय कोडारवर में शिक्षक नदारद, बच्चे खेलते रहे और रसोइया के...

प्राथमिक विद्यालय कोडारवर में शिक्षक नदारद, बच्चे खेलते रहे और रसोइया के साथ काम करवाने का वीडियो वायरल

बच्चों के भविष्य से खिलवाड़! ‘खूब खाओ, खूब खेलो और खूब पढ़ो’ का नारा बना मजाक

फतेहपुर। एक ओर प्रदेश सरकार ‘खूब खाओ, खूब खेलो और खूब पढ़ो’ का नारा देकर परिषदीय विद्यालयों को बेहतर बनाने का दावा कर रही है, वहीं जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर बयां कर रही है। मामला ऐरायां विकास खंड के अंतर्गत स्थित प्राथमिक विद्यालय कोडारवर का है, जहां शनिवार को शिक्षक नदारद रहे और बच्चे विद्यालय परिसर में खेलते नजर आए।

जानकारी के अनुसार विद्यालय में तीन अध्यापकों की तैनाती है, लेकिन शनिवार को कोई भी शिक्षक समय पर उपस्थित नहीं मिला। इस दौरान बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह ठप रही। इतना ही नहीं, विद्यालय में तैनात रसोइया द्वारा बच्चों से पानी भरवाने और अन्य कार्य करवाने का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि हम वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करते हैं।

वहीं इस मामले में आंगनबाड़ी कार्यकत्री ऊषा देवी ने बताया कि एक अध्यापिका की ड्यूटी परीक्षा बोर्ड में लगी हुई है, जबकि अन्य दो शिक्षक उस दिन विद्यालय नहीं पहुंचे। इससे साफ है कि बच्चों की पढ़ाई भगवान भरोसे छोड़ दी गई। मामले की जानकारी के लिए जब खंड शिक्षा अधिकारी (एबीएसए) से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है, जांच कराकर लापरवाह शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

वहीं स्थानीय अभिभावकों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही बच्चों के भविष्य से सीधा खिलवाड़ है। सरकार जहां शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए संसाधन और योजनाएं लागू कर रही है, वहीं कुछ शिक्षकों की उदासीनता और शिक्षा विभाग की शिथिलता इन प्रयासों पर पानी फेर रही है। अब देखना यह है कि शिक्षा विभाग इस गंभीर मामले में कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular