ट्राम्बवे इंजन हटाने के विरोध में सौंपा ज्ञापन
नौतनवा(महराजगंज)। नौतनवा क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान मानी जाने वाली लक्ष्मीपुर स्थित ट्राम्बवे रेल परियोजना को हटाने की आशंका के बीच अब स्थानीय स्तर पर विरोध तेज हो गया है। क्षेत्र के अधिवक्ताओं, किसानों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इसे विरासत बचाने का मुद्दा बताते हुए संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और परियोजना को यथास्थान संरक्षित रखने की मांग की।
भारतीय अधिवक्ता मंच के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. मनीष कुमार चौबे एडवोकेट के नेतृत्व में तहसील परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने नायब तहसीलदार सौरभ कुमार श्रीवास्तव को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा गया कि लक्ष्मीपुर बाजार स्थित ट्राम्बवे रेल परियोजना केवल एक पुरानी संरचना नहीं बल्कि क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहर है, जिसे हटाया गया तो स्थानीय पहचान को गंभीर क्षति पहुंचेगी।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि भगवान बुद्ध से जुड़ा बनरसिया कला गांव राष्ट्रीय स्तर पर पहचान पाने की दिशा में है, ऐसे में आसपास की ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण क्षेत्र के सांस्कृतिक-पर्यटन विकास के लिए जरूरी है।
इस दौरान किसान नेता व रेवेन्यू बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष नागेंद्र प्रसाद शुक्ला एडवोकेट ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ट्राम्बवे इंजन को अन्यत्र स्थानांतरित करने का प्रयास किया गया तो क्षेत्रीय जनता आंदोलन के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन कार्यक्रम में संतोष पांडेय, जितेंद्र कुमार, अशोक तिवारी, महेश खेतान, रितेश उपाध्याय, जगनारायण विश्वकर्मा, रविंद्रनाथ त्रिपाठी, अनिल कुमार, विभूति यादव, लक्ष्मण प्रसाद, सुनील कुमार, बृजेश कुमार, लालजी यादव, रामरतन यादव, वीरेंद्र पांडेय, मुकेश पाठक सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे।





