सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की उपस्थिति में बुधवार को नीति आयोग भारत सरकार द्वारा संचालित आकांक्षात्मक जनपद कार्यक्रम, आकांक्षी ब्लाक कार्यक्रम के अन्तर्गत सम्पूर्णता अभियान 2.0 को सफल बनाने के सम्बन्ध में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक सम्पन्न हुआ। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि नीति आयोग द्वारा जनपद सिद्धार्थनगर को आकांक्षात्मक जनपद के रूप में चयनित किया गया है। सम्पूर्णता अभियान 2.0 अभियान 14 अप्रैल 2026 तक संचालित होगा।
सम्पूर्णता अभियान 2.0 के अन्तर्गत नीति आयोग द्वारा महत्वपूर्ण इंडिकेटर स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि आदि में लक्ष्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने का निर्देश दिया। जनपद में सम्पूर्णता अभियान 2.0 के उद्देश्यों, लक्ष्यों एवं अपेक्षित परिणामों की जानकारी सभी संबंधित विभागों, अधिकारियों एवं जनसमुदाय को प्रदान की जाएगी। चयनित सभी संकेतकों से संबंधित आवश्यक कार्यवाहियों का विभागवार क्रियान्वयन किया जाएगा, जिसमें स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं अन्य संबंधित क्षेत्रों में निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया कि जिन लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड नही बना है उनका शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड आशा के माध्यम से बनवाना सुनिश्चित करायें। जिससे लोगों को 5 लाख तक निःशुल्क इलाज की सुविधा प्राप्त हो सके। शत-प्रतिशत टीकाकरण कराये। कोई भी छूटना नही चाहिए तथा इसकी फीडिंग भी कराये। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सभी विद्यालयों में बालिका शौचालय, दिव्यांग शौचालय, पेयजल, फर्नीचर आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
जिला कृषि अधिकारी को किसानों के मृदा का जांच कराकर मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। सभी अधिकारी को निर्देश दिया फील्ड निरीक्षण अधिक से अधिक करे। इस कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 रजत कुमार चौरसिया, जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, उपायुक्त श्रम रोजगार सन्दीप सिंह, डीएसटीओ बीएस यादव, उपायुक्त एनआरएलएम देवननन्दन दूबे, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी वाचस्पति झा व अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





