प्रशिक्षण के जरिए हर कार्यकर्ता को बनाएंगे मजबूत: रंजना उपाध्याय
फतेहपुर। प्रदेश संगठन के दिशा-निर्देश पर बुधवार को जेल रोड स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान की कार्ययोजना बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में जिला प्रभारी एवं पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना उपाध्याय उपस्थित रहीं।
अपने संबोधन में रंजना उपाध्याय ने पार्टी पदाधिकारियों से संगठनात्मक संरचना में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया और आगामी मंडल स्तर पर आयोजित होने वाले प्रशिक्षण महाअभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने पार्टी की संकल्पना, वैचारिक अधिष्ठान, कार्यपद्धति, कार्य विस्तार की दृष्टि, बूथ प्रबंधन सहित विभिन्न विषयों को प्रशिक्षण में शामिल करने पर जोर दिया।
इसी कड़ी में जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मनसा, वाचा और कर्मणा निरंतर कार्य करना होगा। उन्होंने मंडल प्रशिक्षण महाअभियान की तैयारियों को लेकर मंडल अध्यक्षों एवं मंडल टोलियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशिक्षण महाअभियान के जिला संयोजक पुष्पराज पटेल, सह संयोजक अपर्णा सिंह गौतम एवं पंकज त्रिवेदी के साथ शरद श्रीवास्तव ने कार्यक्रम के संचालन एवं व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी निभाई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।
बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, पूर्व मंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक विक्रम सिंह सहित पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज शुक्ला, रमाकांत त्रिपाठी, दिनेश बाजपेई, आशीष मिश्रा, उदय लोधी, नीरज सिंह, चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, अर्चना त्रिपाठी, शैलेन्द्र रघुवंशी, रवींद्र पाल सिंह, कुलदीप भदौरिया, मनोज मिश्रा, प्रवीण सिंह, सुमित द्विवेदी, विक्रम चंदेल, अभिषेक श्रीवास्तव सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल टोली, मंडल प्रभारी, ब्लॉक प्रमुख, निकाय अध्यक्ष, मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं महामंत्री तथा विभिन्न विभागों व प्रकोष्ठों के जिला संयोजक उपस्थित रहे।





