सड़क नहीं बनी तो आंदोलन की चेतावनी
फतेहपुर। बिंदकी कस्बे में करीब दो किलोमीटर लंबे बाईपास मार्ग के जर्जर होने और जगह-जगह गड्ढे हो जाने को लेकर शनिवार को अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद दिव्यांग कल्याण समिति के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। समिति ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार मां ज्वाला देवी मंदिर तिराहे से लेकर महरहा रोड बाईपास चौराहा और कुंवरपुर रोड बाईपास चौराहे तक का लगभग दो किलोमीटर लंबा बाईपास मार्ग पूरी तरह से खराब हो चुका है। सड़क में जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और राहगीरों व वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मां ज्वाला देवी मंदिर के पास बाईपास तिराहे से महरहा रोड बाईपास चौराहे तक सड़क की स्थिति बेहद खराब है। डामर लगभग समाप्त हो चुका है और गिट्टियां बिखरी पड़ी हैं, जिससे वाहनों के निकलने पर भारी धूल उड़ती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसी समस्या को लेकर शनिवार दोपहर करीब 12 बजे समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने महरहा रोड बाईपास चौराहे पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की और सड़क निर्माण की मांग की।
इस मौके पर समिति के प्रबंधक जितेंद्र मिश्रा उर्फ अष्टावक्र ने कहा कि करीब दो किलोमीटर का बाईपास मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। इसे तत्काल बनवाया जाना चाहिए। जिला अध्यक्ष बलराम सिंह ने कहा कि यदि जल्द सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो समिति आंदोलन करने को बाध्य होगी।
वहीं जिला महामंत्री भरत गोस्वामी ने बताया कि महरहा बाईपास चौराहे पर गहरा गड्ढा है, जहां आए दिन वाहन पलटते रहते हैं और कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है, जो जानलेवा भी साबित हो सकती है। प्रदर्शन में देवदत्त गोस्वामी, मधुसूदन, अजय सविता, सरवन सैनी, मनीष मिश्रा, अमित कुमार, राम आसरे, अरविंद कुमार, शिवदास तथा आरिफ सहित कई लोग मौजूद रहे।





