कक्षा 11 के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया
इटावा। सुदिति ग्लोबल एकेडमी में कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए भावभीना विदाई समारोह ‘यादों का कारवाँ’ अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक सतीश कुमार,प्रबन्ध निदेशक मयंक कुमार,गर्ल्स विंग की निदेशक डॉ.निधि यादव,एवं निदेशक/प्रधानाचार्य कमल कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 11 के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।नृत्य,कविता पाठ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समां बाँध दिया। छात्र हरेंद्र नाथ एवं आशुतोष(हॉस्टल)ने विद्यालय की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और उच्च स्तरीय शिक्षण पद्धति पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत कर सभी को भावुक कर दिया।विद्यालय के प्रबंधक सतीश कुमार ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में आने वाली चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने की सीख दी।प्रधानाचार्य कमल कुमार ने विद्यार्थियों को लक्ष्य प्राप्ति हेतु निरंतर प्रयास करने का संदेश देते हुए आगामी परीक्षाओं की श्रेष्ठ तैयारी के लिए प्रेरित किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।इस अवसर पर कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह में वरिष्ठ समन्वयक मसूद अहमद,बॉयज विंग के एचएम संदीप मौर्य,गर्ल्स विंग की एचएम सिंपल त्रिपाठी,जूनियर बॉयज विंग की एचएम अंशु दीक्षित,प्राइमरी विंग की एचएम शाहीन खान एवं किंडरगार्टन एच एम कंचन सक्सेना सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।कार्यक्रम के सफल संचालन में विज्ञान शिक्षिका सीमा यादव एवं शिक्षक मोहित पोरवाल का विशेष योगदान रहा।अंत में सभी विद्यार्थियों के लिए भोजन की समुचित व्यवस्था की गई।विदाई समारोह ‘यादों का कारवाँ’ ने विद्यार्थियों के हृदय में स्मृतियों की अमिट छाप छोड़ दी और विद्यालय परिवार ने उन्हें भावभीनी शुभकामनाओं के साथ उज्ज्वल भविष्य के लिए विदा किया।





