पूसा में आयोजित कृषि विज्ञान मेले में भ्रमण के लिए अमेठी के किसान भी भेजें जायेंगे।तीन दिवसीय कृषि विज्ञान मेला 25फरवरी से 27फरवरी तक आयोजित किया जाएगा।मेले में जाने के लिए इच्छुक किसानों से आवेदन पत्र मांगे गए हैं।
उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र कुमार ने बताया कि जनपद में संचालित सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) योजनान्तर्गत कृषकों के भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम राज्य के बाहर भी आयोजित कराए जाते हैं। इसी क्रम में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली द्वारा सूचित किया गया है कि संस्थान में 25 से 27 फरवरी 2026 तक पूसा कृषि विज्ञान मेले का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद अमेठी के कृषकों को उक्त मेले में प्रतिभाग कराया जाएगा। मेले में उन्नत कृषि तकनीकों, नवीन किस्मों, आधुनिक कृषि यंत्रों, जैविक खेती, फसल संरक्षण एवं कृषि आधारित उद्यमों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे कृषकों को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।
उप कृषि निदेशक ने जनपद के समस्त कृषकों से अपील की है कि पूसा, नई दिल्ली में आयोजित किसान मेले में प्रतिभाग करने के इच्छुक कृषक अपना आवेदन 20 फरवरी 2026 तक संबंधित विकासखण्डों में स्थापित राजकीय कृषि बीज भंडार के माध्यम से अनिवार्य रूप से उपलब्ध करा दें। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में 24 फरवरी 2026 को जनपद से कृषकों का दल मेले में प्रतिभाग करने हेतु रवाना किया जाएगा।





