बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) की ओर से एग्जाम के लिए दिशा-निर्देश जारी किये गए हैं। छात्रों से कहा गया है कि वे परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले हर हाल में अपनी उपस्थिति दर्ज करें। तय समय के बाद किसी भी प्रकार से केंद्र पर एंट्री नहीं दी जाएगी।
विद्यालय विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) की ओर से इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन कल 2 फरवरी से लेकर 13 फरवरी तक 2026 तक करवाया जायेगा। एग्जाम शुरू होने से पहले बोर्ड की ओर से ट्वीट कर एग्जाम गाइडलाइंस को जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही बोर्ड की ओर से कहा गया है कि निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य है। अगर कोई भी इसका उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाही की जाएगी।
क्या हैं नियम
इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 के परीक्षार्थियों के लिए जारी महत्वपूर्ण नियम-
- परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश का समय परीक्षा प्रारंभ होने के 01 घंटा पूर्व निर्धारित है।
- परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार परीक्षा प्रारंभ होने के आधा घंटा पूर्व बंद कर दिया जायेगा और 9 बजे के बाद किसी भी हाल में गेट ओपन नहीं होगा।
- पहली पाली की परीक्षा 9:30 बजे से शुरू होगी। ऐसे में इस पाली के छात्रों के लिए 8:30 से केंद्र के गेट खोल दिए जायेंगे जो 9 बजे तक खुले रहेंगे। 9 बजे के बाद किसी भी प्रकार से एंट्री नहीं दी जाएगी।
- दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगी। ऐसे में इस शिफ्ट के छात्रों को दोपहर 1:30 बजे से एंट्री मिलेगी। 2 बजे गेट बंद कर दिए जायेंगे। इसके बाद छात्रों को एंट्री नहीं मिलेगी।
उल्लंघन करने पर होगी कानूनी कार्रवाही
बिहार स्कूल एजुकेशन बोर्ड की ओर से जारी की नोटिफिकेशन के मुताबिक अगर कोई छात्र जबरदस्ती एवं अवैध रूप से परीक्षा परिसर में प्रवेश करेगा तो उसको दो वर्ष के लिए परीक्षा से निष्कासित कर दिया जायेगा एवं प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। अवैध रूप से आने वाले परीक्षार्थी को परीक्षा में बैठने की अनुमति देने वाले केन्द्राधीक्षक के खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई एवं कानूनी कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है।
बोर्ड एग्जाम डेट
डेटशीट के मुताबिक इंटरमीडिएट (12th) क्लास की बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन 2 फरवरी से लेकर 13 फरवरी तक करवाया जायेगा वहीं हाई स्कूल (10th) क्लास की बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन 17 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक करवाया जायेगा।





