अदाणी समूह की कंपनी अंबुजा सीमेंट का Q3 FY26 मुनाफा 90% गिरकर ₹204 करोड़ रहा, जबकि पिछले साल यह ₹2,158 करोड़ था। रेवेन्यू 20% बढ़कर ₹10,181 करोड़ हुआ। मुनाफे में गिरावट का मुख्य कारण उच्च इनपुट लागत, पिछले साल के एकमुश्त कर लाभ का नहीं मिलना है।
अदाणी समूह की कंपनी अंबुजा सीमेंट का मुनाफा तीसरी तिमाही में करीब 90 फीसदी तक गिर गया है। कंपनी को वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही (Q3 FY26) में ₹204 करोड़ का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट हुआ है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के दौरान के ₹2,158 करोड़ से 90% कम है। कंपनी ने बाजार के दौरान तिमाही नतीजे जारी किए, जिसके बाद शेयर 5 फीसदी से ज्यादा टूट गए। सुबह अंबुजा सीमेंट के शेयर 536 रुपये पर खुले और 507.90 रुपये का लो लगाकर 510 रुपये पर बंद हुए।
हर पैमाने पर कैसे रहे अंबुजा सीमेंट के नतीजे?
अंबुजा सीमेंट का ऑपरेशनल प्रॉफिट (EBITDA) पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में ₹799 करोड़ से बढ़कर 57% की ग्रोथ के साथ ₹1,258 करोड़ हो गया।
कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू पिछले वर्ष की समान अवधि में ₹8,498 करोड़ के मुकाबले 20% बढ़कर ₹10,181 करोड़ हो गया।
कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन 9.4 से मजबूत होकर 12.3 फीसदी रहा।
क्यों गिरा अंबुजा सीमेंट का मुनाफा
अंबुजा के रेवेन्यू और सेल्स फिगर में वृद्धि हुई, लेकिन लाभ में भारी गिरावट आने के कई कारण रहे, इनमें:
- हायर इनपुट और ऑपरेशनल कॉस्ट (बिजली, ईंधन, माल ढुलाई)।
- पिछले साल हुए एकमुश्त टैक्स बेनेफिट्स का नहीं मिलना।
- अधिग्रहण और एकीकरण से जुड़े शॉर्ट टर्म खर्चें
- उद्योग में मूल्य निर्धारण का दबाव और मार्जिन में कमी
बता दें कि पिछले वर्ष, कंपनी को एकमुश्त कर लाभ (लगभग ₹825 करोड़) का बड़ा लाभ मिला था, जिससे प्रॉफिट कत्रिम रूप से बढ़ गया था। लेकिन इस वर्ष ऐसा लाभ नहीं मिला, जिसके कारण वर्तमान लाभ पिछले वर्ष की तुलना में काफी कम दिख रहा है।





