अनुशासन व संस्कार आवश्यक, अपने माता पिता का करें सम्मान- जिलाधिकारी
लक्ष्य निर्धारित कर अपने वर्तमान पर करें फोकस, भविष्य के बारे में न करें चिंता- एसएसपी
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर महोत्सव 2026 के दूसरे दिन गुरुवार को करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का शुभारम्भ जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी0एन0, पुलिस अधीक्षक डॉ0 अभिषेक महाजन, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल एवं सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल द्वारा द्वीप प्रज्जवलित कर तथा मॉ सरस्वती एवं महात्मा बुद्ध की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। राजकीय इण्टर कालेज के छात्राओ द्वारा सरस्वती वन्दना प्रस्तुत किया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन0 ने कहा कि बच्चों को आईएएस, पीसीएस, एसएससी आदि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के बारे में जानकारी नहीं होती है कि वह अपने कैरियर का चुनाव कर सकें। कैरियर काउन्सलिंग कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को अपने कैरियर का चुनाव करने में मदद मिलेगी। आप लोग सिविल सर्विस, नीट, इंजीनियरिंग की तैयारी कर अपना कैरियर बना सकते हैं। कैरियर काउंसलिंग में ध्येय आईएएस, आकाश कोचिंग, एलेन टीम, कैरियर बेल की टीम द्वारा बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं को क्रैक करने के बारे में जानकारी दिया जा रहा है।
जिसके माध्यम से तैयारी कर अपने लक्ष्य को पूरा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी सिविल सर्विस की तैयारी करने से पहले अपना लक्ष्य निर्धारित कर लें। सिलेबस के अनुसार कड़ी मेहनत कर पढ़ाई करें। सभी लोगों के अन्दर अनुशासन व संस्कार आवश्यक है। अपने माता पिता का सम्मान करें। किसी भी क्षेत्र में जाने के लिए अच्छा इंसान बनना जरूरी है। अपने दिमाग को आराम देने के लिए योगा करें। आपके व्यक्तित्व में गरीबों की मदद, न्याय की भावना होनी चाहिए। आप लोग करियर काउंसलिंग फेयर के आयोजन का लाभ उठाएं और अपने लक्ष्य को प्राप्त कर आगे बढ़ें। सभी को शुभकामनायें दी। करियर काउंसलिंग के सफलतापूर्वक आयोजन कराने के लिए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल को बधाई दिया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ0 अभिषेक महाजन ने कहा कि विभिन्न संस्थानों के काउंसलरों द्वारा विभिन्न परीक्षाओं के बारे में बताया जा रहा है। उन्होने बच्चों का मार्गदर्शन करते हुये कहा कि आप सभी अपने वर्तमान पर अपना फोकस करें भविष्य के बारे में चिंता न करें। हमे जो भी प्राप्त करना है उसके लिए लक्ष्य पूर्व से निर्धारित होना चाहिए। अपना प्लान तैयार कर, लक्ष्य बनाकर तैयारी करे। आप मेहनत करे अच्छी कैरियर प्राप्त कर सकते हैं। कोई भी परीक्षा पास करना असम्भव नहीं है। मोबाइल फोन का प्रयोग केवल पढ़ाई के लिए करें। सोशल मीडिया, रील से दूर रहें।
आपके जो दोस्त हो वह पढ़ाई करने वाले हों। बिना अलार्म के सुबह उठने की आदत डालें। एनसीआरटी की बुक पढ़े तथा स्नातक में जिस विषय की पढ़ायी करें उससे सम्बंधित प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करें। सकते है। मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने कहा कि सभी लोग अपने रूचि के हिसाब से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करें। जो भी बनना हो अपना एक लक्ष्य निर्धारित करके तैयारी करें सफलता अवश्य मिलेगी। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल द्वारा बच्चों को अपना करियर बनाने के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दिया गया।
करियर काउंसलिंग कार्यक्रम के प्रथम सत्र सिविल सर्विसेज के अन्तर्गत ध्येय आईएएस के सीईओ वर्षा सिंह व उनकी टीम द्वारा सिविल सर्विसेज की तैयारियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दिया गया। द्वितीय सत्र मेडिकल सेंशन (नीट) में आकाश कोचिंग से डॉ0 संजय पाण्डेय द्वारा उपस्थित बच्चों को मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने के बारे में जानकारी दिया गया। जिले के रहने वाले अजय राज पटेल द्वारा नीट में 364 रैंक प्राप्त कर एम्स भोपाल में सेवा दे रहे हैं उनके द्वारा अपना अनुभव साझा किया तथा जानकारी दी गयी। डा0 तनुुषा द्वारा बच्चों को मेडिकल के क्षेत्र में करियर बनाने के बारे में अपना अनुभव साझा किया गया।
तृतीय सत्र इंजीनियरिंग-जे.ई.ई. के अन्तर्गत एलेन टीम आनन्द श्रीवास्तव द्वारा जानकारी दिया गया। चतुर्थ सत्र कॅरियर बिल के सन्दीप शर्मा द्वारा एस.एस.सी के बारे में जानकारी दिया गया। करियर काउंसलिंग के पंचम सत्र विविध में उद्यमिता के बारे में आशुतोष पाण्डेय द्वारा जानकारी दिया गया। इस दौरान अतिथिगणों को स्मृति चिन्ह एवं काला नमक चावल बॉक्स देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 रजत कुमार चौरसिया, जिला विद्यालय निरीक्षक अरूण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार, जिला अल्प संख्यक कल्याण अधिकारी नीरज अग्रवाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी राजन, प्रधानाचार्य राजकीय इन्टर कालेज नौगढ़ दयाशंकर यादव व अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, बच्चे, एनसीसी के बच्चे आदि उपस्थित रहे।





