शिविर में महाराष्ट्र से आई स्वास्थ्य टीम ग्रामीण महिलाओं का निशुल्क स्वास्थ्य चेकअप कर उन्हें दवाओं का किया वितरण
महोबा। तहसील चरखारी की ग्राम पंचायत ऐंचाना में संवर्धन न्यास नई दिल्ली और किसानी अनुभव केंद्र रिवई के संयुक्त तत्वावधान में पांच दिवसीय किसान महिला आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महाराष्ट्र से आई स्वास्थ्य टीम ग्रामीण महिलाओं का निशुल्क स्वास्थ्य चेकअप कर उन्हें दवाओं का वितरण किया। शिविर की जानकारी मिलते ही गांव के अलावा आसपास के ग्रामीण अंचलों से भी स्वास्थ्य संबन्धी समस्याओं को लेकर ग्रामीण पहुंचे और अपना पंजीयन कराने के बाद स्वास्थ्य टीम से चेकअप कराया। इस मौके पर छात्र छात्राओं और युवा पीढ़ी को चना, मक्का आंवला आदि के सेवन करने पर जोर दिया।
किसान महिला आरोग्य शिविर में महाराष्ट्र टीम के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. माया बल्लाड, गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. प्रतिभा राजहंस, डेंटिस्ट डॉ. शैल्या देशपांडे और रोशनी समर्थ सहित एक विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उपस्थित रही। टीम ने शिविर में आने वाले मरीजों से उसकी स्वास्थ्य समस्यओं की जानकारी लेकर जांच करने के बाद और निशुल्क दवा दी। शिविर दौरान मौजूद प्राथमिक विद्यालय और पीएपी जूनियर हाईस्कूल के छात्र छात्राओं को उत्तम भोजन करने और अशुद्ध भोजन से बचने की सलाह दी। उन्होंने युवा पीढ़ी को लाल गेहूं, चना, मक्का, बाजरा, ज्वार, उड़द, मूंग, आंवला और आम जैसे खाद्य पदार्थों से भरपूर कैल्शियम, विटामिन और आयरन प्राप्त करने के महत्व पर जोर दिया।
शिविर में ग्रामीण किसान महिलाओं को भी उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया और उनके खानपान के बारे में विशेष सलाह दी गई। ग्राम प्रधान दिनकर तिवारी ने बताया कि किसान महिला आरोग्य शिविर का आयोजन विशेष रूप से ग्रामीण महिला किसानों के स्वास्थ्य की देखभाल, निःशुल्क जांच और इलाज प्रदान करने के लिए किया गया। इस शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा एनीमिया, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, और पोषण संबंधी जांच के साथ साथ मुफ्त दवाएं और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। इस मौके पर फार्मासिस्ट रोशनी त्रिपाठी, शुभम त्रिपाठी, प्रशांत चौबे और स्थानीय प्रबंधन सहयोगी मूल निवासी रिवई निधि त्रिपाठी के साथ समस्त ग्रामवासी उपस्थित रहे।





