बजाज चीनी मिल ने पेराई सत्र 2024–25 के बकाया गन्ना मूल्य का किया सम्पूर्ण भुगतान
गोंडा। बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड, कुंदरखी चीनी मिल द्वारा पेराई सत्र 2024–25 के बकाया गन्ना मूल्य का सम्पूर्ण भुगतान कर दिया गया है। शुक्रवार 23 जनवरी को शेष रुपये 5.47 करोड़ की धनराशि सीधे किसानों के बैंक खातों में प्रेषित की गई, जिससे किसानों में खुशी की लहर है। यह जानकारी देते हुए चीनी मिल के इकाई प्रमुख पी. एन. सिंह ने बताया कि बजाज मिल किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और किसानों का एक-एक गन्ना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि समय पर भुगतान करना मिल प्रबंधन की प्राथमिकता रही है, ताकि किसानों को आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि पेराई सत्र 2025-26 का भी गन्ना मूल्य भुगतान भी शीघ्र शुरू कर दिया जायेगा। इकाई प्रमुख ने क्षेत्रीय गन्ना किसानों से अपील की कि वे अपना गन्ना बजाज चीनी मिल को ही आपूर्ति करें। इससे किसानों को न केवल उचित मूल्य मिलेगा, बल्कि भुगतान भी सुरक्षित और समय पर प्राप्त होगा। आगामी बसंत कालीन गन्ना बुआई को लेकर मिल प्रबंधन ने किसानों को उन्नतिशील प्रजातियों की बुआई करने का सुझाव दिया है।
साथ ही किसानों से बुआई हेतु बीज अभी से सुरक्षित करने को कहा गया है। इकाई प्रमुख ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन किसानों को गन्ना बीज की आवश्यकता होगी, उन्हें चीनी मिल की ओर से बीज उपलब्ध कराया जाएगा। समय से सम्पूर्ण भुगतान किए जाने पर क्षेत्रीय गन्ना किसानों ने बजाज मिल प्रबंधन का आभार व्यक्त किया है और उम्मीद जताई है कि आगे भी किसानों के हित में इसी तरह सकारात्मक कदम उठाए जाते रहेंगे।





