मतदाता सूची सुधार व नए मतदाता जोड़ने पर रहेगा फोकस
महोबा। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देशा पर 16, 17 एवं 18 जनवरी 2026 को जिले में विशेष एसआईआर अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटि रहित बनाना तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदान के अधिकार से जोड़ना है। इस विशेष अभियान के अंतर्गत भाजपा के प्रदेश, क्षेत्रीय एवं जिला स्तर के सभी पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, बूथ प्रवासी एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ता घर घर संपर्क करेंगे।
यह जानकारी भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने पार्टी कार्यालय में आयोजित वार्ता में कही। उन्होंने बताया कि संपर्क दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि हाल ही में प्रकाशित मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटा न हो। जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है और जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उनसे फॉर्म नंबर 6 भरवाकर उन्हें मतदाता सूची में शामिल कराया जाएगा साथ ही मतदाता सूची में नाम, पता, आयु या अन्य किसी प्रकार की त्रुटि होने की स्थिति में उसे सुधारने के लिए फॉर्म नंबर 8 भरवाकर सम्बंधित बीएलओ के पास जमा कराया जाएगा, जिससे समयबद्ध सुधार सुनिश्चित हो सके। बताया कि पार्टी लोकतंत्र की मजबूती के लिए निरंतर कार्य कर रही है और हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना अत्यंत आवश्यक है। यह अभियान जन जन तक पहुंचकर इस लक्ष्य को पूरा करेगा।
इस मौके पर जिला संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष रविंद्र महेंद्र ने बताया कि निर्धारित तिथियों में सभी बूथों पर पार्टी कार्यकर्ता सक्रिय रहेंगे। किसी भी पात्र नागरिक का नाम न छूटे और किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी सत्येंद्र प्रताप ने बताया कि सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आग्रह किया गया है कि वे 16, 17 और 18 जनवरी को अपने अपने बूथों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर अधिक से अधिक फॉर्म 8 एवं फॉर्म 6 भरवाएं, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाया जा सके। इस मौक पर भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।





