गोरखपुर। मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने सभी मंडल वासियों को नव वर्ष 2026 की शुभकामनाएं दी है। अपने शुभकामना संदेश में मंडलायुक्त ने नूतन वर्ष 2026 सभी के लिए कल्याणकारी एवं मंगलकारी होने की कामना की और सभी जनपद/मण्डल वासियो से गोरखपुर मंडल के विकास के लिए कृत संकलित होकर कार्य करने का आह्वान भी किया। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने जनपद वासियों को नूतन वर्ष 2026 की बधाई दी है। जिलाधिकारी ने इस नए वर्ष में जनपद के प्रत्येक नागरिक के जीवन में शान्ति, सुख ,समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की एवं सभी से इस नूतन वर्ष में राज्य एवं राष्ट्र की सम्पूर्ण प्रगति एवं समृद्धि के लिए प्रतिबद्धता एवं समर्पण भाव के साथ कार्य करने का आह्वान भी किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस नूतन वर्ष में भी जनपद में शासन एवं प्रशासन के सभी अंगों के साथ सम्पूर्ण समन्वय स्थापित कर एवं कार्यों में नागरिक भागीदारी को सुनिश्चित कर जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों को जन जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से इस नूतन वर्ष में जनपद का चौमुखी विकास नए क्षितिज पर पहुंचेगा। उन्होंने नव वर्ष पर सभी को आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ रहते हुए अच्छाइयों को अपनाने एवं आदर्शों को आत्मसात करने, नववर्ष को शांतिपूर्वक मनाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का साथ देने की अपील की है।





