हमीरपुर।जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस अधीक्षक हमीरपुर द्वारा पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान दूर-दराज से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया और प्रत्येक मामले पर प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसामान्य की शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, मारपीट, घरेलू हिंसा, धोखाधड़ी सहित विभिन्न मामलों से संबंधित शिकायतें सामने आईं, जिन पर मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। पुलिस अधीक्षक की इस पहल से फरियादियों में विश्वास का माहौल देखने को मिला।
आमजन ने पुलिस अधीक्षक द्वारा अपनाई जा रही संवेदनशील, पारदर्शी और जनहितकारी कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की जनसुनवाई से पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत होता है तथा समस्याओं का समाधान शीघ्रता से संभव हो पाता है।





