79 लोग लाभान्वित
चंदौली। उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी, लखनऊ के निर्देशानुसार एवं उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के सहयोग से दिनांक 22 दिसंबर 2025 को काशी डिपो, चंदौली में एक दिवसीय स्वास्थ्य जांच एवं एचआईवी जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया।
यह शिविर दिशा परियोजना की देखरेख में प्रातः 8:00 बजे से सायं 3:00 बजे तक आयोजित किया गया, जिसमें रोडवेज चालक–परिचालकों एवं आम नागरिकों के लिए एचआईवी, क्षय रोग (टीबी), यौन संचारित रोग, सिफलिस, हेपेटाइटिस, नेत्र जांच के साथ-साथ सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला क्षय रोग अधिकारी, चंदौली के आदेशानुसार शिविर में फार्मासिस्ट, वार्ड बॉय, आईसीटीसी प्रयोगशाला तकनीशियन व परामर्शदाता, एसटीआई परामर्शदाता, नेत्र सहायक एवं एसटीएस की तैनाती की गई। स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा जांच के साथ-साथ उपस्थित लोगों को एचआईवी/एड्स से बचाव, समय पर जांच एवं उपचार के महत्व के विषय में विस्तार से जागरूक किया गया।
शिविर में कुल 79 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया, साथ ही रोडवेज चालक परिचालकों को लगभग 5000 कंडोम का निःशुल्क वितरण किया गया। लाभार्थियों ने स्वास्थ्य विभाग की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना की। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे, जिससे आम जनमानस को समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का सीधा लाभ मिल सके।
आज के शिविर की संपूर्ण रिपोर्टिंग की जिम्मेदारी टीआई यूपीएनपी प्लस, चंदौली द्वारा निभाई गई। शिविर में स्वास्थ्य विभाग, दिशा टीम, टीआई यूपीएनपी प्लस टीम तथा उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम डिपो चंदौली की टीम की सक्रिय उपस्थिति रही।





