मृतका के परिजनों ने उसके पति और नंदोई पर हत्या का लगाया आरोप,तहरीर मिलने के बाद पुलिस जांच में जुटी
महोबा। कोतवाली चरखारी के गौरहारी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो जाने पर मृतका के परिजनों ने उसके पति और नंदोई पर हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली चरखारी में तहरीर दे दी है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विवाहिता की मौत से मायके वालों का रो रोकर बुरा हाल है।
थाना अजनर के बड़खेडा गांव निवासी दुलीचंद ने अपनी बेटी खुशबू (21) की शादी कोतवाली चरखारी गौरहारी गांव निवासी ज्ञान सिंह के साथ करीब एक तीन पहले की थी। पति शराब का लती था, जिसका खुशबू विरोध करती, इससे परिवार के लोग बहू से नाराज रहते थे। मृतका के पिता ने बताया कि पति ज्ञानसिंह और नंदोई भरत शराब पीकर घर में अक्सर झगड़ा करते हैं। जब खुशबू शराब पीने का विरोध करती थी तो उसके साथ मारपीट की जाती थी। विवाहिता ने कई बार मायके पक्ष को फोन पर अपनी व्यथा सुनाई, लेकिन मायके पक्ष ने बेटी को यह समझाकर शांत कर दिया कि धीरे धीरे सबकुछ ठीक हो जाएगा।
रविवार की रात को मायके पक्ष को सूचना मिली कि खूशबू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जब मायका पक्ष मौके पर पहुंचा तो उन्हें शव फांसी के फंदे से उतरा हुआ मिला, जिससे उन्हें हत्या की आशंका हुई। मृतका के पिता के दुलीचंद और चाचा धीरेंद्र ने आरोप लगाया कि शराब के नशे में पति और उसके नंदोई ने खुशबू की मारपीट की और बाद में उसे फांसी के फंदे पर लटका दिया। खूशबू के शरीर पर चोटों के निशान भी पाए गए। पुलिस का कहना है कि विवहिता के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चरखारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।





