मेधावी छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से उपस्थित लोगों का मोह लिया मन
वक्ताओं ने नारी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया साथ ही छात्राओं को सवेटर व स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित
महोबा। नगर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में सोमवार को वार्षिक उत्सव एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष वैभव अजरिया व विशिष्ट अतिथि के रुप में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह रहे। इस मौके पर मेधावी छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वक्ताओं ने नारी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया साथ ही छात्राओं को सवेटर व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने एक से बढ़कर एक गीत संगीत नृत्य की बेहतरीन प्रस्तुति दी। इस दौरान राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य अनीता ने मुख्य अतिथियों का शाल व श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष ने विद्यालय भवन के जीर्णशीर्ण हालत में पहुंचने पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि विद्यालय की नई बिल्डिंग का कार्य किसी कारण से अभी पूर्ण नहीं हो सका है और इस संबन्ध में जिलाधिकारी से भी बात हो चुकी है। हम कोशिश कर रहे हैं कि जल्दी ही नए भवन में छात्राओं की कक्षाएं लगना प्रारंभ हो जाए।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने उपस्थित छात्राओं को नारी सुरक्षा के तहत जानकारी देते हुए कहा कि सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचने के लिए ओटीपी साझा न करना और अनजान लिंक से बचना चाहिए। उन्होंने आत्मरक्षा तकनीक और सरकारी हेल्पलाइन नंबरों 1090, 112, 181, 1098, 1930 की जानकारी दी, जिससे छात्राएं सशक्त, आत्मनिर्भर बनें और किसी भी संकट में मदद मांग सके। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न जानकारी उपलब्ध करायी। कार्यक्रम दौरान अतिथियों ने छात्राओं को स्वेटर व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान भडरा रामकरण मिश्रा, आशुतोष सोनी, अध्यापिका ममता शुक्ला, मधुबाला, वन्दना गौतम, सहायक जयकरन मिश्रा, वरिष्ठ सहायक शिवेन्द्र, विवेक रिछारिया, अजय रिछारिया, मोहित द्विवेदी, धीरेंद्र नामदेव आदि उपस्थित रहे।





