इटावा। कचहरी में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कुमार त्रिपाठी महामंत्री नितिन तिवारी सहित पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने एक साथ मिलकर गुरुवार को जिलाधिकारी से मुलाकात की और लिखित शिकायत करते हुए सहायक श्रम आयुक्त की संपत्ति की जांच करवाने की मांग की है।जिलाधिकारी को सौंपे मांग पत्र में आरोप लगाते हुए लिखा है कि इटावा में तैनात सहायक श्रमायुक्त कुलदीप सिंह एक भ्रष्ट अधिकारी है।
उपरोक्त अधिकारी के समक्ष कर्मकार क्षतिपूर्ति सम्बन्धी पत्रावलियाँ विचाराधीन चल रही हैं,शिकायती प्राथना पत्र में आरोप लगाते हुए कहा गया है कि उक्त पत्रावलियों में आदेश पारित करने के लिये अनैतिक रूप से अधिवक्ताओं से सुविधा शुल्क की मांग की जाती है जो अधिवक्ता उक्त अधिकारी को सुविधा शुल्क देने में असमर्थता जाहिर करता है,उन अधिवक्ताओं के साथ उक्त अधिकारी अभद्र व्यवहार करते है।
उक्त मामले की शिकायत को लेकर बुधवार दिनांक 03.12.2025 को समय करीब दोपहर 03:00 बजे जब जनपद के अधिवक्तागण उक्त अधिकारी कुलदीप सिंह के कार्यालय में गये तो उक्त अधिकारी ने सभी अधिवक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा धमकी देने का आरोप भी लगाया।बताया गया है कि उक्त भ्रष्ट अधिकारी की धमकी का सम्पूर्ण वीडियो अधिवक्ताओं द्वारा रिकॉर्ड किया गया है जिससे उक्त अधिकारी की कार्यशैली से सभी अधिवक्ताओं के गौरव एवं गरिमा को ठेस पहुँची है।
उक्त अष्ट अधिकारी अधिवक्ताओं द्वारा जो प्रार्थना पत्र दिये जाते है,उन्हें भी नहीं लेते है और उन्हें फेंक देते है और विधि विरुद्ध मनमाने ढंग से पत्रावलियों में मनमाने आदेश पारित कर खारिज कर अधिवक्ताओं को हैरान व परेशान करते है।जिलाधिकारी से डीबीए के पदाधिकारियों ने न्याय हित में उक्त भ्रष्ट अधिकारी के सेवा आचरण व कार्यशैली एवं चल अचल सम्पत्ति की जाँच विजिलेंस से कराया जाने की मांग भी की है।इस मौके पर सभी जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारी और अधिवक्ता मौजूद रहे।





