जलालपुर (अंबेडकरनगर)। कटका थाना क्षेत्र के बदरुद्दीनपुर सुरजूपुर गांव में अराजक तत्वों द्वारा गौतम बुद्ध और डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमाओं को नुकसान पहुँचाने की कोशिश से गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों के अनुसार देर रात अज्ञात लोगों ने प्रतिमाओं पर पत्थर मारकर उन्हें क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। क्षतिग्रस्त प्रतिमाओं को दुरुस्त कर पुनः स्थापित किया गया। मामले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई और कार्रवाई की मांग की गई।
समिति अध्यक्ष सुनील की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। थाना अध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।





