एकता पदयात्रा में भाजपा नेताओं औऱ नागरिकों ने दिया एकता का संदेश
महोबा। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को झलकारी बाई चौराहे स्थित बलिदानी राकेश चौरसिया स्मारक से एकता पदयात्रा निकाली गई, जो प्रमुख मार्गों से होते हुए सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में पहुंचकर समाप्त हुई, जहां पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद गीता शाक्य उपस्थित रहीं।
एकता पदयात्रा का शुभारंभ बलिदानी राकेश चौरसिया स्मारक से सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ किया गया। यात्रा झलकारी बाई चौराहा, उदल चौक, मार्केट, रोज़वेज पूराने बस स्टैंड होते हुए विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में समाप्त हुई। पदयात्रा दौरान सभी लोग हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे थे। तिरंगा यात्रा मार्ग पर पड़ने वाली मास मछली की सभी दुकानें बंद करा दी गई।
पदयात्रा में डीजे में राष्ट्रीय गीत बज रहे थे। भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के अलावा व्यापारी, शिक्षक और स्कूली बच्चे भी साथ साथ चल रहे थे। पदयात्रा में सदर विधायक राकेश गोस्वामी, विशिष्ट अतिथियों में जिला प्रभारी संजीव श्रंगऋषि, विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर, पूर्व सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, पूर्व राज्यमंत्री सिद्धगोपाल साहू, सौरभ तिवारी, भागीरथ नागयच, हमीरपुर कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष चक्रपाणि त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी सहित अनेक जन प्रतिनिधि, पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता चल रहे थे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने कहा कि यह पदयात्रा सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की उस भावना का प्रतीक है, जिसे लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने कर्मों से साकार किया। उन्होंने केवल 562 रियासतों का विलय नहीं किया, बल्कि करोड़ों भारतीयों के हृदयों को एक सूत्र में पिरोया। सरदार पटेल का जीवन हमें अनुशासन, एकता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है। महोबा की जनता ने आज बड़ी संख्या में शामिल होकर यह सिद्ध किया है कि सरदार साहब की एकता की ज्योति आज भी हर भारतवासी के हृदय में प्रज्वलित है। पदयात्रा के जिला संयोजक योगश मिश्रा और विधान सभा संयोक ओमनारायण तिवारी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।





