Tuesday, April 7, 2026
spot_img
HomeUttar PradeshGorakhpurसुनिश्चित हो फोरलेन सड़क और आबादी क्षेत्र की जलनिकासी : मुख्यमंत्री

सुनिश्चित हो फोरलेन सड़क और आबादी क्षेत्र की जलनिकासी : मुख्यमंत्री

निर्माणाधीन बालापार-गांगी बाजार फोरलेन का सीएम योगी ने किया स्थलीय निरीक्षण

838.05 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा 16.15 किमी लंबे फोरलेन सड़क का निर्माण

मुख्यमंत्री ने कहा – मैनपॉवर बढ़ाकर तेजी से कराएं कार्य, अगस्त की बजाय जून तक पूरा करें

गोरखपुर। तेरह दिन पहले गोरखपुर में रोड कनेक्टिविटी की निर्माणाधीन तीन प्रमुख परियोजनाओं का स्थलीय जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार (17 नवंबर) को एक बार फिर एक महत्वपूर्ण निर्माणाधीन फोरलेन परियोजना की जमीनी हकीकत देखी। सोमवार को गोरखपुर आए मुख्यमंत्री ने बालापार-टिकरिया-गांगी बाजार फोरलेन के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फोरलेन सड़क और इसके आसपास के गांवों की आबादी की जलनिकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फोरलेन सड़क के किनारे बन रहे नाले की लेवलिंग का ध्यान रखें ताकि सड़क ही नहीं, आसपास के गांवों का पानी आसानी से इसके जरिये निकल जाए।

838.05 करोड़ रुपये की लागत वाली इस फोरलेन का निर्माण इसी साल फरवरी माह में शुरू हुआ था और अगस्त 2026 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य है। कुल 16.15 किमी की लंबाई वाले बालापार-टिकरिया-गांगी बाजार फोरलेन सड़क का निर्माण कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग खंड-तीन द्वारा कराया जा रहा है। सीएम योगी ने सोमवार को इस फोरलेन के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ अधिकारियों से इसकी अद्यतन प्रगति को लेकर समीक्षा भी। उल्लेखनीय है कि 4 नवंबर को मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में सिक्सलेन फ्लाईओवर, विरासत गलियारा और जगेसर पासी-हड़हवा फाटक-एचएन सिंह चौराहा टूलेन/फोरलेन सड़क के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया था।

सोमवार शाम एसएसएफ की दूसरी वाहिनी के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के बाद सीएम योगी बालापार-टिकरिया-गांगी बाजार फोरलेन सड़क के निर्माण का हाल जानने पहुंचे। उन्होंने कुल सड़क की आधी दूरी तक चार स्थानों पर रुककर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इस फोरलेन सड़क परियोजना के ड्राइंग मैप का भी अवलोकन किया और अधिकारियों से जानकारी ली। अफसरों ने बताया कि इसका निर्माण अगस्त 2026 तक पूरा किया जाना है। इस पर मुख्यमंत्री ने जून 2026 तक लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए और कहा कि गुणवत्ता के साथ काम तेज करने के लिए मैनपॉवर बढ़ाया जाए। सीएम को बताया गया कि फोरलेन के समानांतर कुल दूरी में से 7 किमी तक नाला भी बना लिया गया है। मुख्यमंत्री ने नाले के लेवल को सड़क के पानी और आसपास के गांवों के पानी को निकासी योग्य बनाने की हिदायत दी।

निरीक्षण के दौरान सीएम योगी ने फोरलेन सड़क के लिए अधिग्रहित जमीनों के सापेक्ष मुआवजा वितरण के बारे में पूछा। अधिकारियों ने बताया कि लगभग सभी लोगों को मुआवजा दिया जा चुका है। उन्होंने रजिस्ट्री की भी अद्यतन जानकारी ली। इस अवसर पर विधायक महेंद्रपाल सिंह, विपिन सिंह सहित प्रशासन, पुलिस, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

सीएम योगी का जोरदार स्वागत, बुलडोजर पर चढ़कर बरसाए फूल

फोरलेन सड़क की सौगात मिलने से उत्साहित बालापार, टिकरिया, जीतपुर सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोग सोमवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वागत को उमड़ पड़े। फोरलन निरीक्षण के दौरान लोगों ने गगनभेदी जयकारे बीच कई जगहों पर सीएम योगी का फूल बरसाकर अभिनंदन किया। तीन स्थानों पर तो स्वागत का नयनाभिराम नजारा दिखा। यहां बुलडोजर पर खड़े होकर लोगों ने मुख्यमंत्री पर पुष्प वर्षा की। स्वागत के दौरान सीएम ने मुस्कुराकर सबका अभिवादन स्वीकार किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular