इटावा। इष्टिकापुरी(इटावा )स्थित 1108 कुण्डीय मृत्युंजय माँ पीतांबरा महायज्ञ की पूर्णाहुति के उपरांत यज्ञशाला परिसर में आयोजित विशाल भंडारे में श्रद्धा और भक्ति का अभूतपूर्व सागर उमड़ पड़ा।सुबह से ही क्षेत्रवासियों की निरंतर आवक बनी रही और लगभग 50 हज़ार श्रद्धालुओं ने सुसंस्कारित प्रसाद ग्रहण कर स्वयं को कृतार्थ किया।भंडारा का शुभारंभ यज्ञाधीश श्री रामदास जी महाराज एवं पिलुआ धाम के पीठाधीश्वर महंत हर भजन दास जी महाराज ने स्वयं श्रद्धालुओं को प्रसाद देकर किया।
महायज्ञ की दिव्यता और गुरुचरणों की कृपा से वातावरण दिनभर आध्यात्मिक ऊर्जा और सामूहिक सद्भाव से परिपूर्ण रहा।आज 18 नवम्बर को महायज्ञ के अगले महत्त्वपूर्ण अनुष्ठान सम्पन्न होंगे।इस दिन पवित्र कलशों का विसर्जन, श्रद्धालुओं हेतु अमृत-स्नान तथा यज्ञ-परिसर में सम्पन्न हुए देवकृत कर्मों की स्मृति-रूप यज्ञ-भस्म वितरण का कार्यक्रम रहेगा।यह सभी अनुष्ठान साधकों के लिए अत्यंत कल्याणकारी माने जाते हैं और यज्ञ-ऊर्जा का व्यक्तिगत व पारिवारिक जीवन पर स्थायी प्रभाव छोड़ते हैं।
इसके उपरांत दिनांक 19 नवम्बर को वेद-विधान से महायज्ञ को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने वाले सभी आचार्यों,ऋत्विजों एवं सहयोगी ब्रह्मचारियों का पूजन एवं विदाई समारोह आयोजित किया जाएगा।यह वह क्षण होगा जब इष्टिकापुरी यज्ञभूमि उन तपस्वी कर्मयोगियों के प्रति कृतज्ञता अर्पित करेगी,जिनके अथक श्रम,निरंतर जाप,हवन-विधि और सन्निधि से यह विराट महायज्ञ सुचारु रूप से सम्पन्न हुआ।
यज्ञाधीश गुरु श्री रामदास जी महाराज ने नगरवासियों यजमानों और समस्त सनातनी समुदाय से निवेदन किया है कि आगामी दोनों दिनों के दिव्य कार्यक्रमों में सपरिवार सम्मिलित होकर इस दुर्लभ आध्यात्मिक अवसर का लाभ अवश्य प्राप्त करें।
इष्टिकापुरी की भूमि पर बह रही यज्ञ-धारा न केवल संपूर्ण क्षेत्र के आध्यात्मिक वातावरण को उन्नत कर रही है बल्कि जनमानस को धर्म, संस्कार और आध्यात्मिक एकता के अविरत सूत्र में जोड़ रही है।पूरे अनुष्ठान को संपन्न बनाने में नीरज तिवारी,जनमेजय सिंह भदौरिया,पंकज तिवारी बबलू महेंद्रा,डा.जेके तिवारी,डा.राजीव त्रिपाठी,अखिलेश तिवारी,अजय दीक्षित,अल्लू ठाकुर,अमित दीक्षित, पूनम पाण्डेय,नमिता तिवारी,निशा गुप्ता,चित्रा परिहार,प्रीती दुबे,कुलदीप अवस्थी,भानु जी,धर्मेंद्र मिश्रा,गुड्डू त्रिवेदी,विपिन तिवारी, बंटी वाजपेई,मनोज पाण्डेय,कुक्कू राजौरिया,अनिकेत श्रीवास्तव,मयंक बिधौलिया,रोहित चौधरी व श्लोक त्रिपाठी का विशेष सहयोग रहा।





