Tuesday, March 10, 2026
spot_img
HomeNationalसागर में पड़ोसी के श्वान ने छह साल के मासूम को नोंचा,...

सागर में पड़ोसी के श्वान ने छह साल के मासूम को नोंचा, सिर में आए 22 टांके, ICU में भर्ती

मध्य प्रदेश के सागर में एक रॉटवीलर कुत्ते ने 6 साल के बच्चे पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे के सिर पर 22 टांके लगे हैं और वह आईसीयू में भर्ती है। कुत्ते के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शहर में कुत्तों के हमलों की बढ़ती घटनाओं से लोग परेशान हैं।

भोपाल। मप्र के सागर शहर में केंट थाना क्षेत्र में एक खतरनाक हादसा सामने आया, जहां पड़ोसी के पालतू रॉटवीलर ने साइकिल चला रहे 6 वर्षीय मासूम पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में बच्चे के सिर, हाथ और पैर पर गहरे घाव आए हैं, जिनकी सर्जरी में डॉक्टरों को सिर्फ सिर पर ही 22 टांके लगाने पड़े। घटना गुरुवार शाम की है। फिलहाल बच्चा ICU में भर्ती है।

जानकारी के मुताबिक 15 मुहाल क्षेत्र में महार रेजिमेंट में कार्यरत सैनिक शंभू दयाल बेन के घर में पाला गया रॉटवीलर श्वान अचानक बच्चे को देख उग्र हो गया। बच्चा अपने घर से कुछ ही दूर साइकिल चला रहा था जब कुत्ते ने उस पर हमला बोल दिया।

पहले भी कर चुका हमला

पीड़ित के पिता जितेंद्र यादव के अनुसार, यह रॉटवीलर प्रजाति भारत में प्रतिबंधित और बेहद खतरनाक मानी जाती है, इसके बावजूद आरोपी का बेटा राहुल इसे खुले में घूमने देता था। मोहल्ले में रहने वाले लोग भी इसकी आक्रामकता से पहले कई बार परेशान हो चुके थे।

डेढ़ घंटा चली सर्जरी

हमले के दौरान बच्चे की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह कुत्ते से उसे छुड़ाया। बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डेढ़ घंटे चली सर्जरी के बाद उसकी जान बचाई जा सकी। पिता ने बताया कि बच्चे को लहूलुहान हालत में देखकर वह खुद सदमे में चले गए थे।

पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने रॉटवीलर के मालिक राहुल बेन के खिलाफ कई धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि यह कुत्ता इससे पहले भी एक दर्जन से अधिक लोगों पर हमला कर चुका है।

शहर में कुत्तों के हमले बढ़े, प्रशासन बेपरवाह

सागर शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में पालतू व आवारा कुत्तों के हमलों में लगातार वृद्धि हो रही है। जिला अस्पताल में रोजाना 10–12 मामले पहुंच रहे हैं। कई जगह झुंड बनाकर कुत्ते महिलाओं और बुजुर्गों को भी निशाना बना रहे हैं।

नगर निगम की स्थिति भी चिंताजनक है। न तो शहर के कुत्तों की संख्या का रिकॉर्ड है, न ही किसी तरह की कार्रवाई। विट्ठलनगर क्षेत्र में हाल ही में एक पागल कुत्ते ने आधा दर्जन लोगों को घायल कर दिया था, लेकिन उसके बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

“श्वान के हमले की शिकायत पर श्वान मालिक पर पशुओं के प्रति लापरवाहीपूर्ण आचरण कर दूसरे का जीवन खतरे में डालने की धारा में अपराध दर्ज किया गया है। रोटवीलर प्रजाति के श्वान के पालने पर प्रतिबंध है या नहीं, इसकी जानकारी ली जा रही है।
– रोहित डोंगरे, प्रभारी थाना कैंट सागर।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular