महोबा। पुलिस अधीक्षक के निर्देश में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के पालन के प्रति जन-जागरूकता लाने के उद्देश्य से यातायात माह नवंबर-2025 के अंतर्गत जनपद पुलिस द्वारा विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ।प्रभारी यातायात सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम द्वारा थाना कोतवाली नगर क्षे त्रान्तर्गत सेन्ट जोसेफ कॉलेज,में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के बीच एक प्रभावी यातायात जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला के दौरान प्रभारी यातायात सुनील कुमार सिंह द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि यह जीवन की सुरक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक है।”
उन्होंने सभी को जागरूक करते हुए बताया कि सड़क पार करते समय दोनों ओर देखकर ही सड़क पार करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें तथा गति सीमा का पालन अवश्य करें।
कार्यशाला में सभी उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों को यातायात नियमों का पालन करने एवं दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर सेन्ट जोसेफ कॉलेज में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं एवं सम्मानित शिक्षकगणों ने सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। यातायात पुलिस द्वारा आयोजित यह जागरूकता कार्यक्रम छात्रों/युवाओं को यातायात नियमों के प्रति सजग बनाने के साथ-साथ समाज में “सुरक्षित यातायात – सुरक्षित जीवन” का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का कार्य कर रहा है।





