अलीगढ़। आज दिनांक 11/11/2025 दिन मंगलवार को रामघाट रोड स्थिति आभा होटल पर आयोजित प्रेस वार्ता में अलीगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद सतीश कुमार गौतम ने ” सांसद खेल महोत्सव-2025 ” के आयोजन की घोषणा की। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसे अभियान युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ऐतिहासिक कदम हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार, स्टेडियमों के निर्माण और खिलाडियों को प्रोत्साहन देने का जो वातावरण आज तैयार हुआ है, वह पहले कभी दिखाई नहीं दिया।
सांसद सतीश कुमार गौतम ने कहा ‘युवाओं की शक्ति की पहचान उसके खेल के मैदान से होती है। जिस देश के खिलाड़ी मजबूत होंगे, वही देश वैश्विक मंच पर सशक्त राष्ट्र के रूप में खड़ा होगा। मेरा सपना है कि मेरे लोकसभा क्षेत्र में प्रत्येक घर से एक खिलाड़ी निकले। जब मैदानों में खेलने वालों की संख्या बढ़ेगी, तो खेल प्रतिभाएं स्वयं आगे आएंगी। सांसद खेल महोत्सव उसी दिशा में एक व्यापक प्रयास है, ताकि क्षेत्र की प्रतिभाएं प्रदेश, राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँच सकें।” सांसद ने बताया कि खेल महोत्सव का आयोजन लोकसभा क्षेत्र को चार जोनों में विभाजित कर किया जाएगा।
25 दिसंबर को इसका भव्य समापन एवं सम्मान समारोह होगा।
प्रतियोगिताओं का स्वरूप एवं पंजीकरण
प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स की विभिन्न दौड़ व फील्ड स्पर्धाएँ, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, कुश्ती, रस्साकशी, पंजा कुश्ती, वेटलिफ्टिंग और पावरलिफ्टिंग शामिल होंगी।
प्रतियोगिताएँ 16 वर्ष से कम एवं 16 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में बालक तथा बालिका श्रेणी में होंगी।
बैडमिंटन, ताइक्वांडो, कराटे और शूटिंग खिलाड़ियों को जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में सीधा अवसर दिया जाएगा। मूकबधिर एवं दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए विशेष खेल आयोजन निर्धारित किया गया है। पंजीकरण प्रतियोगिता स्थल पर उद्घाटन से दो घंटे पूर्व शुरू होगा। प्रतिभागियों को आधार कार्ड / स्कूल पहचान पत्र/आयु प्रमाण साथ लाना अनिवार्य होगा।
“मैं क्षेत्र के सभी युवाओं से आग्रह करता हूँ कि वे खेल मैदान पर अवश्य आएं। खिलाड़ी मैदान में केवल खेल नहीं खेलता, वह अपने परिवार, समाज और देश का गौरव भी बढ़ाता है। अभिभावक भी बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतियोगिता स्थलों पर उपस्थित रहें। यही समर्थन खिलाड़ियों को आगे बढ़ाता है।”





