बढ़नी सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत बढ़नी सहित ढेबरूआ थाना क्षेत्र में स्थापित सभी देवी प्रतिमाओं का नौ दिनों तक विधि विधान से मां के भक्तो ने पूजन अर्चन किया और हवन पूजन के साथ नवरात्रि का व्रत समाप्त होने के उपरान्त पुलिस प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बढ़नी क्षेत्र के दुर्गा मां की प्रतिमाओं का विसर्जन चरगहवा नदी में किया जायेगा। थाना क्षेत्र में स्थापित देवी प्रतिमाओं का विसर्जन गांव के निकट बहने वाली नदियों में श्रद्धालुओं द्वारा किया जायेगा। थानाध्यक्ष ढेबरूआ नारायण लाल श्रीवास्तव ने बताया कि थाना क्षेत्र में कुल 137 देवी माँ की प्रतिमाएं स्थापित है, तथा सभी पांडालों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं।
बढ़नी चौकी क्षेत्र में कुल 36 देवी माँ की प्रतिमाएं स्थापित है। बढ़नी के पंडालों से सभी देवी प्रतिमाओं को ट्रैक्टर ट्राली से लेकर माता के भक्त रामलीला मैदान में एकत्रित होंगे और भक्ति गीतों की धुन पर अबीर गुलाल से सराबोर होकर पारंपरिक मार्गों से होते हुए देवी प्रतिमाओं का डोला रामलीला मैदान से निकलकर , स्टेशन रोड से होते हुए कस्बे के पचपेड़वा तिराहे से होकर देवी प्रतिमाओं का डोला सीधे विसर्जन स्थल चरगहवा पर पहुंचेगा जहां मां के भक्तो द्वारा श्रद्धा के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया जायेगा। गुरूवार को नगर पंचायत सहित पूरे थाना क्षेत्र में माता दुर्गा की स्थापित कुल 137 मूर्तियों का विसर्जन मां के भक्तो द्वारा श्रद्धा के साथ किया जायेगा। कहा कि सुरक्षा के दृष्टिगत जवानों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।





