भरुआ सुमेरपुर। तीजा महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार रात कस्बे में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। रामलीला मैदान, पशु बाजार मैदान और छोटी बाजार में आयोजित कार्यक्रमों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। बुंदेलखंड के मशहूर मस्ताना ग्रुप के गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया।
रामलीला मैदान में छतरपुर के प्रसिद्ध बुंदेली गायक बाबूलाल मस्ताना और सिंगर रोशनी पटेल ने “बैरन हो गई जुनहिया मैं कैसे करूं” गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। युवा कलाकार ऋषि मस्ताना ने गणेश वंदना और “दमादम मस्त कलंदर” गीत से युवाओं में जोश भर दिया। हेमंत तूफानी ने “पीकर शंकर जी की बूटी, खुल गई अंखियां निंदिया टूटी” पर जोरदार नृत्य प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी।
बैंजो पर भागचंद अहिरवार, ढोलक पर मनोज गुप्ता, ऑक्टोपैड पर आकाश सेन और तबला पर अयोध्या प्रसाद की संगत ने कार्यक्रम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
पशु बाजार मैदान में झांसी से आए मास्टर इसरार ग्रुप ने “शमसा फिरोज” नाटक का शानदार मंचन किया। फिरोज की भूमिका में इकरार, शमसा के किरदार में जफर अली, तुगलक के रूप में राजाराम और कौमिक की भूमिका में मास्टर अख्तर ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
छोटी बाजार में वृंदावन से आए कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का मनमोहक मंचन किया, जिसमें श्रीकृष्ण लीला कमेटी के अध्यक्ष जयप्रकाश दीक्षित, कुंजबिहारी पांडे, बृजलाल सिंह, सुरेश यादव, महेश भदौरिया, संजीव पांडे, राघवेंद्र पांडे और श्यामबाबू पांडे मौजूद रहे।
गुरुवार को पशु बाजार मेला मैदान में विशाल आल्हा गायन कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें भारी भीड़ उमड़ी। त्रिवेणी मैदान में कबीरी भजन का कार्यक्रम निरंतर जारी है। तीजा महोत्सव के सांस्कृतिक आयोजन कस्बे में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहे हैं।





