हजपरा, अम्बेडकरनगर घर से शौच के लिए निकले किसान का शव एक पुराने कुएं में उतराता पाया गया है। किसान का शव मिलने से स्वजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने किसान का शव कुएं से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सम्मनपुर थाना क्षेत्र के केशवपुर गांव के रहने वाले किसान राम उजागिर (उम्र 65 वर्ष) सोमवार सुबह भोर में घर से शौच के लिए निकले थे। लेकिन जब वह काफी देर तक वापस घर नहीं लौटे तब स्वजनों ने किसी अनहोनी की आशंका में खोजबीन शुरू की। दोपहर बाद करीब ढाई बजे बरियावन में स्थित शराब के ठेके के पीछे एक पुराने कुएं में किसान का शव उतराता देखा गया। शव मिलने की सूचना पर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने शव कुएं से बाहर निकलवाया। स्वजनों ने बनियानी और जंघिया पहने हुए शव की पहचान किसान राम उजागिर के रूप में की है। परिजनों के अनुसार वह प्रतिदिन घर से आकर यहां कुएं पर बैठते थे।
यहां का शांत माहौल होने के कारण यह उनकी प्रतिदिन की दिनचर्या में शामिल था। आशंका जताई जा रही है कि भोर में कुंए की जगत पर बैठने के दौरान नींद से अनियंत्रित होकर वह कुएं में गिर गए होंगे, जिससे डूब कर उनकी मौत हो गई। आस-पास कोई और नहीं था जिससे किसी को इसकी जानकारी नहीं हो पाई। मृतक की पत्नी सीता एवं पुत्र संजय का रो-रोकर बुरा हाल है। लेखपाल रोहित कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटना के संबंध में परिजनों से जानकारी ली। और पीड़ित परिवार को जरूरी सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जांच की जा रही है। पी एम रिपोर्ट मिलने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।





