हमीरपुर: राजकीय महिला डिग्री कॉलेज में काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष कुलदीप निषाद और राज्यसभा सदस्य (सांसद प्रतिनिधि) अशोक तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि 9 अगस्त 1925 को हमारे वीर क्रांतिकारियों ने अंग्रेजों द्वारा ले जाए जा रहे खजाने को लूट लिया था, जिसके बाद ब्रिटिश सरकार ने उन्हें फांसी की सजा दी थी। उन्होंने कहा कि यह घटना अंग्रेजों के अत्याचार का मुंहतोड़ जवाब थी। उन्होंने आजादी, एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने इस घटना को अंग्रेजी हुकूमत के विरोध की एक महत्वपूर्ण घटना बताया, जिसने देश की आजादी को एक नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि क्रांतिकारियों का बलिदान आज भी हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने स्वदेशी, स्वावलंबन और स्वच्छता को अपनाने पर जोर दिया और बताया कि रामप्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, राजेंद्र नाथ लाहिड़ी, और अशफाक उल्ला खां जैसे क्रांतिकारियों ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी।
मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने अमर शहीदों को नमन करते हुए सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और छात्रों का स्वागत और धन्यवाद किया। कार्यक्रम का संचालन जलीश खान ने किया।
इस कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। काकोरी घटना पर आधारित एक लघु नाटिका का भी मंचन किया गया। लोक गायकों ने देशभक्ति के गीत गाए और विभिन्न विभागों ने सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई। कार्यक्रम के अंत में “एक वृक्ष मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया।
इस मौके पर डीसी मनरेगा राघवेंद्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार मिश्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आलोक कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित कई अधिकारी, कर्मचारी, छात्र और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।