बरिश के चलते रबी की फसल बर्बाद होने और कर्ज से टूट चुका था किसान
महोबा। पनवाड़ी थाना क्षेत्र के सरगपुरा गांव में एक किसान ने कर्ज और फसल के हुए नुकसान से आहत होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। किसान की मौत से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। किसान कृषि कार्य करके अपने परिवार का भरण.पोषण करता था। अब परिवार में अर्थिक संकट पैदा हो गया है।
ग्राम सरगपुरा निवासी मृतक के बड़े भाई नंदराम ने बताया कि बीती रात तेज बारिश के कारण गांव के कई खेतों में खड़ी फसलें नष्ट हो गईं। परशुराम अहिरवार 45 पुत्र सुम्मी अहिरवार सुबह करीब 5 बजे खेत का जायजा लेने गया था। अपनी मेहनत की पूरी फसल बर्बाद देखकर वह मानसिक रूप से टूट गया। खेत से लौटने के कुछ देर बाद ही उसने घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
परिजनों ने जब उसे फंदे से नीचे उतारा, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। परिजनों का कहना है कि परशुराम पहले से ही कर्ज में डूबा हुआ था। फसल की बर्बादी ने उसे पूरी तरह निराश कर दिया। परिवार में पत्नी क्रांति, बड़ा बेटा अरविंद उर्फ अशोक, छोटा बेटा रवि और बेटी कल्पू हैं। इस हादसे के बाद वे बेसहारा हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर सर्किल के लेखपाल बृजेंद्र समेत पुलिस व प्रशासन के अधिकारी पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। कर्ज किसानों को आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर कर रहा हैं। ग्रामीणों और परिजनों ने सरकार से मृतक किसान के परिवार को आर्थिक सहायता की मांग की है। फिलहाल परिवार सदमे में है और गांव में शोक का माहौल है।