हमीरपुर में गधों के रौंदने से छात्र की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और मोहल्ले वालों ने हमीरपुर कालपी स्टेट हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने आवारा जानवरों को बंद करने और पीड़ित परिवार को मुआवजे देने की मांग की। मृतक सागर कजियाना मोहल्ले का निवासी था जिसकी गधे के लात मारने से कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई।
हमीरपुर। गधों के रौंदने से छात्र की मौत के बाद शनिवार को आक्रोशित स्वजन व मुहल्ले के लोगों ने छात्र का शव हमीरपुर कालपी स्टेट हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया है और प्रदर्शन कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि शहर की सड़कों व गलियों मे घूमने वाले आवारा जानवरों को बंद किया जाए और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाए।
सदर कोतवाली के कजियाना मुहल्ला निवासी दिव्यांग विनेश निषाद का 10 वर्षीय पुत्र सागर रविवार की दोपहर घर के बाहर मंदिर के पास अपने साथियों के साथ खल रहा था। तभी वहां गधों का झुंड आया। जिसमें एक गधे ने सागर के सिर में लात मार दी। जिससे वह गिर गया और गधे उसे रौंदते हुए निकल गए।
इससे गंभीर हालत में कानपुर स्थित हैलट अस्पताल में भर्ती किया गया था। शुक्रवार की सुबह छात्र की कानपुर में ही इलाज दौरान मौत हो गई। देर शाम शव घर आने के बाद मुहल्ले में मातम छा गया और स्वजन बेहाल हो गए।
वहीं शनिवार की सुबह आक्रोशित स्वजन व मुहल्ले के लोगों ने चारपाई में छात्र के शव को लाकर हमीरपुर कालपी स्टेट हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया और नारेबाजी शुरू कर दी।
जाम अभी लगा हुआ है और कोतवाली पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है। कोतवाल राकेश कुमार ने बताया कि स्वजन को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया जा रहा है।





