संभल के जुनावई क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में दूल्हा समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और दो बच्चे भी शामिल हैं। बारात जुनावई के गांव हरगोविंदपुर से बिल्सी बदायूं जा रही थी। जुनावई में बोलेरो कार अनियंत्रित होकर जनता इंटर कालेज की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब दूल्हे को ले जा रही एक तेज रफ्तार बोलेरो कार नियंत्रण खो बैठी और जनता इंटर कालेज की दीवार से जा टकराई। हादसे में दूल्हा समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौके मौत हो गई, जबकि पांच अन्य को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।
यह हृदयविदारक हादसा शुक्रवार शाम करीब सबा सात बजे उस समय हुआ जब जुनावई थाना क्षेत्र के गांव हरगोविंदपुर से बारात बिल्सी क्षेत्र के गांव सिरासौल जा रही थी। दूल्हे की गाड़ी घर से निकले महज दस मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
बताया गया है कि बारात में शामिल नौ गाड़ियां पहले ही रवाना हो चुकी थीं, जिनमें गांव के अन्य लोग और रिश्तेदार सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जुनावई से निकलते ही जनता इंटर कालेज के पास तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और कालेज की दीवार से जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे के वक्त गाड़ी में लगभग 10 लोग सवार थे। घटना में दूल्हा सूरज पाल (19) पुत्र सुखराम, उसकी भाभी आशा (26) पत्नी लाल सिंह, आशा की दो वर्षीय बेटी ऐश्वर्या, दो वर्षीय विष्णु पुत्र मनोज और एक अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घायल अवस्था में रवि पुत्र बच्चू सिंह, दूल्हे की बहन कोमल, एक अन्य बच्ची हिमांश और दो अज्ञातों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हादसे की जानकारी मिलते ही एएसपी दक्षिण अनुकृति शर्मा और क्राइम इंस्पेक्टर बलराम सिंह यादव मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर यादव ने घटनास्थल पर मिले पहचान पत्रों के आधार पर अन्य वाहनों को हादसे की सूचना दी। सभी घायलों और मृतकों को तत्काल सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार मूल रूप से राजस्थान का निवासी है और संभल क्षेत्र में मेहनत-मजदूरी करता है। शुक्रवार को भड़रइया नवमी के शुभ अवसर पर शादी समारोह आयोजित किया गया था। लेकिन भाग्य को कुछ और ही मंजूर था
विवाह से ठीक पहले दूल्हे की मौत ने पूरी बारात को गहरे शोक में डुबो दिया। वहीं दूसरी ओर घटना से गांव में मातम पसरा है, शादी का मंडप अब शोक स्थल में बदल चुका है। परिजनों की चीख-पुकार और हर आंख से बहते आंसू उस अधूरी बारात की दर्दनाक दास्तान सुना रहे हैं।





