UP में तेज धूप और उमस का डबल अटैक, डॉक्टरों के निर्देश- जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें

0
22

तापमान में वृद्धि के कारण सड़कों पर सन्नाटा है और लोग गर्मी से राहत पाने के लिए नदियों का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत न मिलने की चेतावनी दी है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। डॉक्टर बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने के लिए कह रहे हैं।

जिले में लगातार बढ़ती गर्मी लोगों की परेशानी का कारण बन रही है। शनिवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर सूर्य की तेज तपिश और चुभन भरी धूप ने आम जनजीवन को खासा प्रभावित किया।

सुबह से ही सूरज आंखें तरेरता नजर आया और दोपहर तक सड़कों पर सन्नाटा छा गया। वहीं लोग गर्मी से राहत पाने के लिए नदियों में नहाते नजर आए।

हालांकि दोपहर बाद तेज हवा चलनी शुरू हुई, जिससे लोगों को थोड़ी राहत की उम्मीद जगी, लेकिन उमस और गर्म हवाओं ने लोगों को चैन से बैठने नहीं दिया। हवा की गति तेज होने के बावजूद तापमान में कोई खास गिरावट दर्ज नहीं की गई।

मौसम वैज्ञानिक दिनेश शाहा के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक ऐसे ही हालात बने रह सकते हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। शहर के प्रमुख बाजारों, बस अड्डों और सार्वजनिक स्थानों पर आमतौर पर दिखने वाली भीड़ में भारी गिरावट देखी गई। लोग जरूरी कामों को छोड़कर घरों से निकलने से परहेज कर रहे हैं। डाक्टर बुजुर्गों व बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।

डॉक्टरों ने लू से बचने के लिए हल्के और ढीले कपड़े पहनने, अधिक मात्रा में पानी पीने और दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की अपील की है। वहीं किसानों के लिए भी यह मौसम चुनौती बनता जा रहा है। खेतों में नमी की कमी और तेज धूप के कारण फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगले सप्ताह तक तापमान में और वृद्धि हो सकती है। गर्मी की यह मार फिलहाल थमने के आसार नहीं दिख रहे हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से नागरिकों को एहतियात बरतने की हिदायत दी जा रही है, ताकि गर्मी से जुड़ी बीमारियों से बचा जा सके।

Also read

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here