बांसी सिद्धार्थनगर। गोल्हौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जीवपुर चौराहे पर चौपाल लगाकर ईद उल-फितर व होली पर्व को लेकर शान्ति एवं सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए रविवार को थानाध्यक्ष बृजेश सिंह की अध्यक्षता में चौपाल का आयोजन किया गया।जहाँ सम्भ्रान्त व्यक्तियों, धर्मगुरूओं, जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों से अपील करते हुए गोल्हौरा थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने कहा कि सभी लोग एक दूसरे के धर्म की भावनाओं का सम्मान करें। कस्बे में शान्ति व्यवस्था बनाये रखें। साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाडनें की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों एवं अवांछित गतिविधियों के दिखाई देने पर तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें। किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, बल्कि अफवाहों की पुष्टि उच्चाधिकारियों से करें व सौहार्दपूर्ण वातावरण का माहौल बनाये रखने में पुलिस व प्रशासन का सहयोग करें। चौपाल में मुख्य रूप से राजेन्द्र प्रसाद मिश्र, मूल चन्द्र मिश्र,लौटन,शनि, उपनिरीक्षक राम वचन शर्मा, हेड कांस्टेबल विनोद, कांस्टेबल अभिषेक सिंह अमरिंदर तथा क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।