उरई (जालौन)।सिवनी बुजुर्ग में मंदिर के विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई झड़प और फायरिंग मामले में पुलिस ने पूरी सख्ती दिखाई है। दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना के बाबत जानकारी ली, साथ ही अधीनस्थों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। एसपी ने कहा है कि लाइसेंसी असलहा बरामद कर जब्त किया जाएगा और लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि नदीगांव थाना क्षेत्र के गांव सिवनी बुजुर्ग में स्थित एक मंदिर पर स्वामित्व को लेकर पिछले पंद्रह दिनों से दो पक्षों में विवाद की स्थिति बनी हुई है। दोपहर करीब बारह बजे एक पक्ष ने मंदिर का ताला तोड़ दिया जिसके बाद दूसरा पक्ष सामने आ गया। तू-तू-मैं-मैं से शुरू होकर विवाद मारपीट तक जा पहुंचा। इसी बीच फायरिंग भी होने लगी जिससे गांव में दहशत फैल गई और लोग घरों में दुबक गए। ग्रामीणों की अगर मानें तो चार से पांच फायर हुए हैं। असलहे लहराते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं। इस घटना में देवेंद्र पटेल उर्फ भूरे पुत्र गनेशराम के घायल हुआ है जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके सिर पर चोट लगी है। सीओ डॉ. देवेंद्र कुमार पचौरी एवं एसओ नदीगांव दिव्य प्रकाश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि मंदिर के नाम आठ बीघा जमीन है। मंदिर का ताला तोड़ने को लेकर विवाद हुआ है और लाइसेंसी बन्दूर से फायरिंग हुई है। दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लिया गया है। सीओ का कहना है, मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने देर शाम सिवनी बुजुर्ग पहुंच कर घटना के बाबत जानकारी ली। उनका कहना है लाइसेंसी बंदूक बरामद कर जब्त की जाएगी और लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
सिवनी बुजुर्ग में मंदिर को लेकर हुए विवाद में नदीगांव थाना पुलिस ने दोनों पक्षों से क्रॉस एफआईआर दर्ज की है। एक पक्ष के श्याम बाबू पुत्र गणेश प्रसाद की तहरीर जिसमें रामेश्वर दयाल पुत्र रामस्वरूप उसके बेटों आशीष व अमरदीप तथा करीब आधा दर्जन अन्य लोगों पर मारपीट एवं फायरिंग का आरोप लगाते हुए देवेंद्र के सिर पर लगने से घायल होने की बात कही गई है, पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 191(2), 191(3), 190, 115(2), 109 बीएनएस में एफआईआर दर्ज कर ली है। दूसरे पक्ष से अमरदीप पुत्र रामेश्वर दयाल की तहरीर पर लालजी पुत्र गणेश, उसका बेटा अनिकेत, अनुज पुत्र श्याम लाल, देवेंद्र पुत्र गणेश प्रसाद द्वारा उसके पिता रामेश्वर दयाल पर हमला बोल दिया और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 333, 115(2), 352, 351(2) बीएनएस में एफआईआर दर्ज कर ली है।ग्राम सिवनी बुजुर्ग में पथराव और फायरिंग मामले में नदीगांव पुलिस ने दो लोगों रामेश्वर दयाल व उनके बेटे अमरदीप के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास में जेल भेजा है लालजी, अनिकेत, अनुज निवासीगण सिवनी बुजुर्ग व दीपक दुवे निवासी खुटैला के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है। थानाध्यक्ष दिव्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि अन्य अभियुक्तों को तलाश की जा रही है।





