हिमाचल प्रदेश में एक हफ्ते तक साफ रहेगा मौसम, रात को बढ़ेगी ठंड

0
32

राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों में शनिवार को भी दिन की शुरूआत खिली धूप से हुई है और मौसम सुहावना बना हुआ है। राज्य में पिछले कई दिनों में मौसम शुष्क चल रहा है। अगले एक हफ्ते तक मौसम के मिजाज में कोई बदलाव नहीं आएगा। मौसम विभाग ने आगामी 18 अक्तूबर तक प्रदेश में बारिश-बर्फबारी की संभावना से इंकार किया है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक कुलदीप श्रीवास्तव ने शनिवार को बताया कि अगले छह-सात दिनों तक प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का कोई असर देखने को नहीं मिलेगा। इस दौरान दिन में धूप खिलने से अधिकतम तापमान सामान्य बना रहेगा। जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट आने के आसार हैं, जिससे रातें ठंडी होंगी।

उन्होंने कहा कि जनजातीय व पहाड़ी इलाकों का न्यूनतम तापमान लुढ़कना शुरू हो गया है और कुछ स्थानों पर तो पारा जमाव बिंदू के करीब पहुंच गया है। लाहौल-स्पीति जिले के मुख्यालय केलांग में शुक्रवार बीती रात न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह राज्य का सबसे ठंडा स्थल रहा। कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि बीती रात 12 शहरों का पारा सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। इनमें सुंदरनगर, भुंतर, धर्मशाला, ऊना, नाहन, केलांग, पालमपुर, सोलन, कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर और चंबा शहर शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री, समधो में 6.7 डिग्री, मनाली में 8.2 डिग्री, शिमला में 12.6 डिग्री, सुंदरनगर में 11.5 डिग्री, भुंतर में 10 डिग्री, धर्मशाला में 14.9 डिग्री, ऊना में 13.5 डिग्री, नाहन में 17.1 डिग्री, पालमपुर में 12 डिग्री, सोलन में 11.5 डिग्री, कांगड़ा व मंडी में 14.4 डिग्री, बिलासपुर में 14.5 डिग्री, चंबा में 13.3 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 13.8 डिग्री, भरमौर में 10.8 डिग्री, सियोबाग में 11.2 डिग्री, धौलाकूआं में 17.6 डिग्री, बरठीं में 12.9 डिग्री, कसौली में 15.9 डिग्री, पांवटा साहिब में 21 डिग्री, सराहन में 10 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 17 डिग्री, मशोबरा में 13.3 डिग्री, नेरी में 19.3 डिग्री और सैंज में 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Also read

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here