शक्ति की भक्ति में डूबी विंध्यभूमि, हर तरफ नवरात्र की धूम

0
23

शहर में सजे नयनाभिराम पंडाल, मां दुर्गा की आकर्षक छवि निहारने को उमड़ रही भीड़

कहीं देवी पाठ तो कहीं देवी गीतों की स्वर लहरियों की गूंज, बंगाली समुदाय में खासा उत्साह

भक्तिभाव व उल्लास के साथ मनाया जा रहा दुर्गा पूजा महोत्सव

मां दुर्गा की भक्ति के भवसागर में विंध्यभूमि डूब गई है। हर कोई मां दुर्गा की भक्ति में लीन है। हर तरफ नवरात्र की धूम मची हुई है। हर भक्त, शक्ति की भक्ति में डूबा हुआ है। आरती के लिए पूजा पंडालों में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। शारदीय नवरात्र के मौके पर पूजा समितियों, समूहों की ओर से जगह-जगह पर कलश स्थापित किया गया है। श्रद्धालु यहां पहुंचकर सुख-समृद्धि के लिए माता से आर्शीवाद मांग रहे हैं। कहीं देवी पाठ तो कहीं देवी गीतों की स्वर लहरियां गूंज रहीं हैं।

नवरात्र के पावन पर्व पर आदि शक्ति मां दुर्गा की आराधना में लीन विंध्यभूमि शक्तिमय हो उठी है। मंदिर, पूजा पंडाल व घरों से सुगंधित खुशबू की फिजां और पूजा की घंटियां भोर से ही वातावरण को भक्तिमय बना रही हैं। शहर में दुर्गा पंडाल मंदिरों के रूप में सजे और रंग-बिरंगी रोशनी से नहा उठे हैं। नयनाभिराम पंडालों में मां दुर्गा की आकर्षक छवि को निहारने के लिए देर शाम के बाद लोगों की भीड़ जुट रही है। कई पंडालों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम है। नगर समेत जिले भर में दुर्गा पूजा महोत्सव भक्तिभाव व उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। नगर के बरियाघाट, सुन्दरघाट, घंटाघर, लालडिग्गी, पेहटी का चौराहा आदि स्थानों पर पंडाल की स्थापना कर मां दुर्गा की भव्य मूर्तियां स्थापित की गई हैं। जनपद के चुनार, अदलहाट, नरायनपुर, कछवां, सीखड, छानबे, ड्रमंडगंज, हलिया, लालगंज, गैपुरा क्षेत्र के विजयपुर बाजार, शीतलाधाम, भटेवरा, विरोही आदि स्थानों पर आकर्षक पूजा पंडाल निर्माण के साथ पूरे बाजार को झालर बत्ती से सजाया गया है। दुर्गा पूजा को लेकर बंगाली समुदाय में खासा उत्साह है।

घर-घर में हो रहा है दुर्गा सप्तशती का पाठ, श्रद्धा व विश्वास के साथ व्रत

दुर्गा मंदिर, पूजा पंडाल व घर में श्रद्धालुओं द्वारा विधि-विधान से माता की पूजा-अर्चना की जा रही है। घर-घर में दुर्गा सप्तशती का पाठ किया जा रहा है। मां के भक्त इन दिनों श्रद्धा और विश्वास के साथ व्रत रख रहे हैं। सुबह चार बजे से ही घर-घर दुर्गा पूजा शुरू हो जाती है। इसके बाद लोग मंदिरों में दर्शन करके अपनी पूजा को विराम देते हैं। नवरात्र पर्व पर जिले में भारी उल्लास देखा जा रहा है।

मंदिरों की आकर्षक ढंग से सजावट

पूजा पंडालों में विभिन्न मंदिरों की झलक दिख रही है। पंडाल के आसपास के स्थान को भी रोशनी से जगमग किया गया है। देवी मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रात्रि में देवी गीतों का आयोजन किया जा रहा है। भक्त धार्मिक रंग में रंगे हुए दिखाई दे रहे हैं। सुबह से ही महिलाएं व युवतियां ही नहीं, छोटी-छोटी बच्चियां भी मंदिरों में रंग-बिरंगे परिधानों में देवी गीत गाती हुई मंदिरों में पहुंच रही हैं।

Also read

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here