Tuesday, April 21, 2026
spot_img
HomeUttar PradeshKanpurवाराणसी: महिलाओं ने वट सावित्री व्रत रख पति के दीर्घ जीवन के...

वाराणसी: महिलाओं ने वट सावित्री व्रत रख पति के दीर्घ जीवन के लिए बरगद को पूजा

– परिक्रमा कर माता सावित्री से अटल सौभाग्य की कामना, मीरघाट, धर्मकूप में उमड़ी भीड़

वाराणसी, 06 जून (हि.स.)। ज्येष्ठ माह के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि पर गुरूवार को धर्म नगरी काशी में सुहागिन महिलाओं ने पति के सुदीर्घ स्वस्थ जीवन के लिए वट सावित्री व्रत रखा। श्रद्धालु व्रती महिलाओं ने विधि विधान से माता की पूजा की। पूजा के बाद महिलाओं ने बरगद (वट), पीपल पेड़ की परिक्रमा कर माता सावित्री से अटल सौभाग्य की कामना की।

वट सावित्री पूजन के लिए पूर्वांह से ही सुहागिन महिलाएं परिजनों के साथ आसपास के बरगद और पीपल के पेड़ के नीचे जुटने लगी। नव विवाहित सुहागिनों में व्रत को लेकर खासा उत्साह दिखा। व्रती महिलाओं ने उपवास रखकर विधि विधान पूर्वक बरगद वृक्ष का पूजन किया। अपने सुहाग (पति) के दीर्घ जीवन के लिए महिलाओं ने सूत से बरगद के तने को लपेट 108 बार परिक्रमा लगाई।

इसके बाद हलवा, पूड़ी, खरबूजा आदि प्रसाद चढ़ाया। मीरघाट, धर्मकूप स्थित वट सावित्री माता के पूजन के लिए भी महिलाओं की भारी भीड़ जुटी रही। इस दौरान पति की दीर्घायु के लिए व्रती सुहागिनों ने माता को सोलहों श्रृंगार की वस्तुएं, फल और प्रसाद चढ़ाकर वट वृक्ष पर मौली लपेटी और फेरी लगाकर अखंड सौभाग्य का वरदान मांगा। पूरे जिले में महिलाओं ने वट सावित्री पूजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया।

सामाजिक कार्यकर्ता और कर्मकांडी संजय पांडेय, प्रदीप पांडेय बताते हैं कि सनातन हिन्दू धर्म में बरगद को देव वृक्ष माना गया है। इसके मूल में भगवान ब्रह्मा, मध्य में विष्णु और अग्र भाग में भगवान शिव रहते हैं। देवी सावित्री भी वट वृक्ष में प्रतिष्ठित रहती हैं। इसी वट वृक्ष के नीचे सावित्री ने अपने पतिव्रत धर्म से मृत पति को फिर से जीवित कराया था। तभी से पति की लंबी आयु के लिए वट सावित्री व्रत रखा जाता है। इस बार ज्येष्ठ माह के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि बुधवार शाम 7.54 मिनट पर लग गई थी। लेकिन पर्व उदयाकाल (सूर्योदय) में मनाया गया।

इसीलिए मनाया जात है वट सावित्री व्रत

पौराणिक मान्यता है कि भद्र देश के राजा की पुत्री सावित्री ने अपने पति सत्यवान के प्राणों की रक्षा के लिए वटवृक्ष के नीचे ही उनका पार्थिव शरीर रख वटवृक्ष पूजन किया था। जब पति सत्यवान के प्राण लेकर यमराज जाने लगे तो सावित्री भी उनके पीछे-पीछे चल दी। सावित्री के पतिव्रता धर्म के आगे बेबस यमराज ने उनसे वरदान मांगने को कहा। इस पर सावित्री ने यमराज से पहला वरदान सास-ससुर को नेत्र ज्योति देने, दूसरा वरदान पुत्रवती होने का मांगा। यमराज तथास्तु कह सत्यवान के प्राण लेकर जाने लगे तो सावित्री उनके पीछे-पीछे चल दी। यमराज ने मुड़कर देखा वरदान देने के बाद भी सावित्री पीछे आ रही है तो रूक कर सवालिया निगाह से देखा। इस पर सावित्री ने कहा कि पति को आप ले जा रहे हैं तो मैं पुत्रवती कैसे होऊंगी। यह सुन यमराज को गलती का एहसास हुआ और उन्होंने सत्यावान के प्राण वापस कर दिए। ऐसी मान्यता है कि सावित्री ने वटवृक्ष के नीचे ही पति का शव रख पूजन कर उनके प्राणों को वापस पाया था। इसी मान्यता के तहत वट सावित्री पूजन किया जाता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular